रायपुर, 24 जुलाई। Road Accident News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक बार फिर तेज रफ्तार वाहन का कहर देखने को मिला। आमानाका ओवरब्रिज पर एक अनियंत्रित कार ने सड़क पर चल रहे करीब आधा दर्जन वाहनों को एक के बाद एक जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार तेज रफ्तार में थी और अचानक अनियंत्रित होकर कई वाहनों से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में कुछ लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना को अंजाम देने के बाद कार चला रही महिला चालक मौके से फरार हो गई। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही सरस्वती नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर ओवरब्रिज पर यातायात को सामान्य कराया।
फिलहाल, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फरार महिला चालक की पहचान और कार के नंबर का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


