नांदेड़, 13 अगस्त। Sukhbir Badal News: महाराष्ट्र के नांदेड़ में शिरोमणि अकाली दल (SAD) के प्रमुख और पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल पर गुरुवार को हमला किया गया। घटना तख्त श्री हजूर साहिब के पास हुई। हमले के बाद बादल को अस्पताल ले जाया गया। बताया जा रहा है कि उनकी हालत फिलहाल ठीक है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पुलिस को जांच के आदेश दिए हैं। CM ने आरोपी से पूछताछ कर हमले के पीछे की वजह और मकसद का पता लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने खुद सुखबीर सिंह बादल को फोन कर उनकी तबीयत की जानकारी भी ली।
पुलिस ने हमले के आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान जसपाल सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने कृपाण से सुखबीर बादल पर हमला किया।
घटना से पहले सुखबीर सिंह बादल अपनी पत्नी और अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल के साथ नांदेड़ स्थित तख्त श्री हजूर साहिब पहुंचे थे।
अकाली दल के उपाध्यक्ष संजीव तलवार ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे पंजाब की एकता और अखंडता पर हमला बताया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जेड प्लस सुरक्षा प्राप्त नेता पर इस तरह का हमला सुरक्षा में चूक का मामला है।
गौरतलब है कि इससे पहले 4 दिसंबर 2024 को अमृतसर में भी सुखबीर बादल पर हमला हुआ था। अब नांदेड़ की घटना के बाद पुलिस हमले के आरोपी के मकसद और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।


