रायपुर, 29 अक्टूबर। Swami Atmanand School: छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद स्कूलों में 1812 संविदा पदों पर भर्ती के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) 31 अक्टूबर से शुरू होगी। परीक्षा 4 नवंबर तक आयोजित की जाएगी। इसमें प्रदेशभर के 34,604 अभ्यर्थी शामिल होंगे। लोक शिक्षण संचालनालय ने परीक्षा के प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं।
7 शहरों में बनाए गए 24 परीक्षा केंद्र
भर्ती परीक्षा प्रदेश के सात शहरों में आयोजित की जाएगी। इसके लिए कुल 24 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। रायपुर और बिलासपुर में छह-छह केंद्र निर्धारित किए गए हैं। वहीं दुर्ग और भिलाई में चार-चार, जगदलपुर में दो तथा चांपा और सरगुजा में एक-एक परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
तीन पालियों में होगी परीक्षा
परीक्षा प्रतिदिन तीन पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 8:30 से 10:30 बजे तक, दूसरी पाली दोपहर 12:30 से 2:30 बजे तक और तीसरी पाली शाम 4:30 से 6:30 बजे तक होगी। प्रत्येक पाली में परीक्षा की अवधि दो घंटे निर्धारित की गई है।
प्रश्नपत्र में कुल 100 सवाल होंगे और अधिकतम 100 अंक निर्धारित हैं। प्रत्येक सही उत्तर के लिए एक अंक मिलेगा, जबकि गलत उत्तर देने पर 0.25 अंक काटे जाएंगे। परीक्षा पूरी होने के बाद मॉडल उत्तर जारी किए जाएंगे।
परीक्षा केंद्र जाने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से डेढ़ घंटे पहले केंद्र पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा। ऐसे में अभ्यर्थियों को समय का विशेष ध्यान रखना होगा।
परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रवेश पत्र के साथ मूल पहचान पत्र ले जाना अनिवार्य है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से पहले प्रवेश पत्र में दर्ज केंद्र, परीक्षा की पाली और रिपोर्टिंग समय की जांच कर लें, ताकि किसी तरह की परेशानी न हो।


