UP MLC Election Results: BJP ने 6 सीटों पर मारी बाजी… SP के खाते में आईं 3 सीटें

UP MLC Election Results: BJP ने 6 सीटों पर मारी बाजी… SP के खाते में आईं 3 सीटें

लखनऊ, 29 अक्टूबर। UP MLC Election Results: उत्तर प्रदेश विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव में घोषित नतीजों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बढ़त बनाई है। अब तक घोषित परिणामों के मुताबिक, बीजेपी ने 6 सीटों पर और समाजवादी पार्टी (सपा) ने 3 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं, लखनऊ और वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में मतगणना जारी है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, 5 स्नातक और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए चुनाव कराए गए हैं। घोषित परिणामों में स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की तीन और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की छह सीटें शामिल हैं। शेष दो स्नातक सीटों पर मतगणना जारी है।

स्नातक सीटों पर BJP को दो, सपा को एक सीट

स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में मेरठ से बीजेपी के दिनेश कुमार गोयल ने 24,929 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। आगरा सीट पर बीजेपी के डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह (गुरु जी) 42,743 मतों के साथ विजयी घोषित किए गए।

वहीं, इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के डॉ. मान सिंह यादव ने 60,358 मत हासिल कर जीत दर्ज की। इस तरह घोषित स्नातक सीटों में बीजेपी को दो और सपा को एक सीट मिली है।

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में BJP का प्रदर्शन

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के घोषित नतीजों में बीजेपी ने चार सीटों पर जीत हासिल की। लखनऊ से उमेश द्विवेदी ने 13,179 मत, मेरठ से श्रीचंद शर्मा ने 18,099 मत, बरेली-मुरादाबाद से डॉ. हरि सिंह ढिल्लों ने 21,672 मत और गोरखपुर-फैजाबाद से ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने 16,790 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की।

दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी ने शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में दो सीटों पर जीत हासिल की। वाराणसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से लाल बिहारी यादव ने 11,612 मत प्राप्त किए, जबकि आगरा शिक्षक सीट पर डॉ. आकाश अग्रवाल 14,046 मतों के साथ विजयी रहे।

दो सीटों पर मतगणना जारी

लखनऊ और वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में मतगणना जारी है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वाराणसी में अंतिम गणना के दौरान समाजवादी पार्टी 11 हजार मतों से आगे चल रही थी।

इन दोनों सीटों के अंतिम परिणाम घोषित होने के बाद ही सभी 11 निर्वाचन क्षेत्रों की चुनावी तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट होगी। फिलहाल घोषित नतीजों में बीजेपी ने छह और समाजवादी पार्टी ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की है।

News and Politics