Tiger attack: खेत में ग्रामीण पर झपटा बाघ… घमेला लेकर किया मुकाबला

Tiger attack: खेत में ग्रामीण पर झपटा बाघ… घमेला लेकर किया मुकाबला

बिलासपुर, 12 सितम्बर। Tiger attack: वन विकास निगम क्षेत्र के ग्राम दवनपुर में शनिवार को खेत में खाद छिड़कने गए एक ग्रामीण पर बाघ ने अचानक हमला कर दिया। हमले में ग्रामीण के चेहरे, हाथ और पैर में चोटें आई हैं। ग्रामीण ने हिम्मत दिखाते हुए लोहे के घमेला से बाघ का मुकाबला किया, जिसके बाद बाघ मौके से भाग गया। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, दवनपुर निवासी संजू मरकाम (42) शनिवार को अपने खेत में खाद छिड़कने गए थे। इसी दौरान खेत की मेड़ पर बैठे बाघ ने अचानक उन पर हमला कर दिया। बाघ के हमले में संजू के चेहरे, हाथ और पैर में चोटें आईं।

हमले के दौरान संजू ने हिम्मत नहीं हारी और पास में मौजूद लोहे के घमेला से बाघ का सामना किया। ग्रामीण के प्रतिरोध के बाद बाघ वहां से भाग गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही वन विकास निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर पहुंचे और घायल संजू को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया।

इधर, घटना के बाद वन विकास निगम और वन विभाग की टीम ने दवनपुर समेत आसपास के इलाकों में बाघ की तलाश शुरू कर दी है। टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही है। ग्रामीणों को सतर्क रहने और फिलहाल अकेले खेत या जंगल की ओर नहीं जाने की सलाह दी गई है।

बाघ के हमले के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है और वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार नजर बनाए हुए है।

Breaking News