पीपलकोटी, 14 अगस्त। Tunnel Accident: उत्तराखंड के पीपलकोटी में निर्माणाधीन टनल में भूस्खलन के बाद पानी और मलबा घुसने से बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों लोकेश्वर और भुनेश्वर की मौत हो गई, जबकि सुनील दीवान और पेन सिंह घायल हुए हैं। घटना के बाद टनल में फंसे मजदूरों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
जानकारी के मुताबिक, विष्णुगाड-पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना की करीब 3 किलोमीटर लंबी निर्माणाधीन टनल में गुरुवार शाम अचानक भारी भूस्खलन हुआ। इसके बाद पानी, पत्थर और मलबा तेजी से टनल के अंदर पहुंच गया। अचानक हुए हादसे से वहां काम कर रहे मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई और कई मजदूर अंदर फंस गए।
करीब 150 मीटर दूर हुआ भूस्खलन
हादसे में घायल छत्तीसगढ़ निवासी सुनील दीवान ने बताया कि वह टनल के अंदर सरिया बांधने का काम कर रहे थे। इसी दौरान करीब 150 मीटर दूर तेज भूस्खलन हुआ। देखते ही देखते पानी, पत्थर और मलबा तेजी से उनकी तरफ आने लगा।
पानी और मलबे का दबाव इतना तेज था कि कई मजदूर इसकी चपेट में आकर दूर जा गिरे, जबकि कुछ मजदूर मलबे में दब गए। हादसे की सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
दो मजदूरों की मौत, रेस्क्यू जारी
रेस्क्यू टीम ने कई मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में घायल मजदूरों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, टनल में फंसे या लापता मजदूरों की तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है।
हादसे में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की मौत की खबर से उनके परिवारों में मातम पसरा हुआ है। प्रशासन और राहत दल पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।


