रायपुर, 14 अगस्त। CG News: छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के अवसर पर वर्ष 1947 के भारत विभाजन के दौरान हिंसा, विस्थापन और त्रासदी झेलने वाले लाखों निर्दोष नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
अपने संदेश में मंत्री चौधरी ने कहा कि 1947 का विभाजन भारत के इतिहास का बेहद पीड़ादायक अध्याय था। उस दौर में असंख्य लोगों ने अपने परिजनों को खोया, जबकि लाखों परिवारों को अपनी मातृभूमि छोड़कर विस्थापित होना पड़ा।
उन्होंने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस उन सभी निर्दोष नागरिकों के त्याग, संघर्ष और पीड़ा को याद करने का अवसर है। इस दिन उनके प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए इतिहास से सीख लेने की जरूरत है।
एकता और सामाजिक समरसता पर जोर
ओपी चौधरी ने राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विभाजन की त्रासदी हमें आपसी सद्भाव, भाईचारे और प्रेम को और मजबूत करने की सीख देती है।
उन्होंने कहा कि एकजुट, समरस और संगठित समाज ही सशक्त एवं विकसित भारत की मजबूत नींव रख सकता है।
वित्त मंत्री ने विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले सभी निर्दोष नागरिकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।


