Uk Politics: माइक बंद होने पर भड़के कांग्रेस विधायक… मंच पर फेंका माइक और कुर्सी

Uk Politics: माइक बंद होने पर भड़के कांग्रेस विधायक… मंच पर फेंका माइक और कुर्सी

पिथौरागढ़, 15 नवम्बर। Uk Politics: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में आयोजित जौलजीबी मेले के दौरान कांग्रेस विधायक हरीश सिंह धामी का गुस्सा सामने आया। धारचूला विधानसभा सीट से विधायक धामी मंच पर माइक बंद किए जाने से नाराज हो गए। इस दौरान उन्होंने पहले माइक फेंका और फिर मंच से नीचे उतरकर साउंड ऑपरेटर की ओर कुर्सी उछाल दी।

घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में विधायक कुर्सी से साउंड ऑपरेटर को मारने की कोशिश करते भी दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को धारचूला से चुनाव लड़ने की चुनौती भी दी।

माइक बंद होने से नाराज थे विधायक

हरीश सिंह धामी का आरोप है कि जौलजीबी मेले में उन्हें अध्यक्षता की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन उन्हें अपनी बात रखने का मौका नहीं दिया गया। इसी बात को लेकर वह नाराज हो गए और मंच पर हंगामा करने लगे।

बीजेपी ने की विधायक के व्यवहार की आलोचना

घटना का वीडियो सामने आने के बाद उत्तराखंड बीजेपी ने कांग्रेस विधायक के व्यवहार की आलोचना की है। बीजेपी ने आरोप लगाया कि विधायक ने सार्वजनिक मंच पर गाली-गलौज की, माइक फेंका और अपशब्दों का इस्तेमाल किया।

बीजेपी ने कहा कि जनता पूरे घटनाक्रम को देख रही है और समय आने पर इसका जवाब देगी।

National