Uttarakhand Weather Alert: चमोली की नीती घाटी में बारिश का कहर… वैली ब्रिज बहा

Uttarakhand Weather Alert: चमोली की नीती घाटी में बारिश का कहर… वैली ब्रिज बहा

चमोली, 11 अगस्त। Uttarakhand Weather Alert: उत्तराखंड के चमोली जिले की सीमांत नीती घाटी में लगातार हो रही भारी बारिश से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। तमक नाले में अचानक भारी मात्रा में मलबा आने और तेज बहाव के चलते सीमांत क्षेत्र को जोड़ने वाला वैली ब्रिज बह गया। पुल के बहने से नीती घाटी के करीब 17 गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया है। इससे ग्रामीणों के सामने आवाजाही का संकट खड़ा हो गया है।

मलबे और तेज बहाव में बहा पुल

नीती घाटी में पिछले कुछ समय से लगातार बारिश हो रही है। इसके चलते तमक नाले समेत आसपास के नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। इसी दौरान तमक नाले में अचानक भारी मात्रा में मलबा आया, जिसकी चपेट में वैली ब्रिज आ गया। पानी के तेज बहाव और मलबे के दबाव के कारण पुल टिक नहीं सका और बह गया।

जरूरी सामान और मरीजों को लेकर बढ़ी चिंता

संपर्क मार्ग बाधित होने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सबसे ज्यादा चिंता मरीजों को अस्पताल पहुंचाने, जरूरी सामान की आपूर्ति और आपात स्थिति में आवाजाही को लेकर है। लगातार बारिश जारी रहने पर आसपास के इलाकों में भी खतरा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

प्रशासन से निगरानी और राहत की मांग

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्र में तत्काल निगरानी बढ़ाने और नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क करने की मांग की है। ग्रामीणों ने राहत और बचाव दलों को अलर्ट रखने के साथ ही वैकल्पिक संपर्क मार्ग तैयार करने की भी मांग की है।

फिलहाल लगातार बारिश के कारण नीती घाटी में हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। 17 गांवों से संपर्क प्रभावित होने के बाद प्रशासन के सामने सुरक्षित आवाजाही बहाल करना बड़ी चुनौती बन गया है।

National