Women Reservation Bill: 7 महीने पहले गिरा महिला आरक्षण बिल… अब फिर क्यों तैयारी में जुटी मोदी सरकार?

Women Reservation Bill: 7 महीने पहले गिरा महिला आरक्षण बिल… अब फिर क्यों तैयारी में जुटी मोदी सरकार?

नई दिल्ली, 27 नवम्बर। Women Reservation Bill: महिला आरक्षण और लोकसभा सीटों के परिसीमन को लेकर केंद्र सरकार एक बार फिर संसद में संविधान संशोधन विधेयक लाने की तैयारी कर रही है। अप्रैल 2026 में जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं मिलने के कारण यह विधेयक लोकसभा में पास नहीं हो पाया था। अब करीब सात महीने बाद सरकार बदले हुए राजनीतिक समीकरणों के बीच इसे फिर से आगे बढ़ाने की कोशिश कर सकती है।

संसद का शीतकालीन सत्र 30 नवंबर से शुरू होने की तैयारी है। ऐसे में सरकार की नजर लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों में जरूरी समर्थन जुटाने पर है। संविधान संशोधन विधेयक पास कराने के लिए दोनों सदनों में विशेष बहुमत की जरूरत होती है।

लोकसभा में बहुमत का गणित बना चुनौती

फिलहाल लोकसभा में 543 सीटें हैं। अप्रैल में हुए मतदान के दौरान 528 सांसदों ने वोट डाला था। विधेयक पास कराने के लिए 352 वोटों की जरूरत थी, लेकिन इसके पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े। इस तरह सरकार को 54 वोट कम मिले थे।

अब राजनीतिक समीकरण में बदलाव के बाद सरकार को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, विपक्षी खेमे के कुछ सांसदों के पाला बदलने और अकाली दल की एनडीए में वापसी से संसद में संख्या का गणित बदला है।

क्षेत्रीय दलों के समर्थन पर टिकी नजर

सरकार की नजर अब डीएमके, शरद पवार गुट और अन्य क्षेत्रीय दलों के रुख पर है। इन दलों का समर्थन विधेयक के लिए अहम हो सकता है। वहीं, विपक्ष भी परिसीमन और महिला आरक्षण को लागू करने के तरीके को लेकर अपनी आपत्तियां उठा रहा है।

फिलहाल 30 नवंबर से संसद की बैठकें शुरू होने वाली हैं। हालांकि, सरकार ने अभी तक विधेयक को सदन में पेश करने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। ऐसे में सबकी नजर इस बात पर है कि क्या बदले हुए राजनीतिक समीकरण मोदी सरकार को इस बार जरूरी बहुमत दिला पाएंगे।

National