कोरबा, 31 अगस्त। कोरबा के ESIC अस्पताल में कार्यरत 30 वर्षीय डॉक्टर एल्विन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। उनका शव कर्मचारी आवास के बाथरूम में मिला। घटना की सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक, डॉ. एल्विन की शादी तय हुई थी। शादी की तैयारियों के सिलसिले में वह 11 अगस्त को कोयंबटूर गए थे। बताया जा रहा है कि शादी की प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी थी, लेकिन बाद में मंगेतर के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद से डॉक्टर के परेशान रहने की बात सामने आ रही है।
घटना 29 अगस्त की बताई जा रही है। शुरुआती जांच में पुलिस को प्रेम प्रसंग और रिश्ते में विवाद से जुड़ा एंगल सामने आया है। हालांकि, डॉक्टर की मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले में घटनास्थल की जांच के साथ परिजनों और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हर संभावित एंगल से जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी।
शादी से पहले रिश्ते में ऐसा क्या हुआ, जिसके बाद डॉक्टर की मौत हो गई—इस सवाल का जवाब फिलहाल पुलिस जांच के जरिए तलाश रही है।


