बिलासपुर एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा… लैंडिंग के दौरान फ्लाइट का टायर फटा

बिलासपुर एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा… लैंडिंग के दौरान फ्लाइट का टायर फटा

बिलासपुर, 31 अगस्त। दिल्ली से बिलासपुर पहुंची अलायंस एयर की फ्लाइट 9I613 की लैंडिंग के दौरान एक टायर फट गया। हादसे के बाद विमान रनवे पर ही रुक गया। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

यात्रियों के मुताबिक, विमान की लैंडिंग के दौरान अचानक जोरदार झटका लगा। इसके कुछ ही सेकेंड बाद विमान के अंदर जलने जैसी गंध आने लगी, जिससे यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया। शुरुआती जांच में एक टायर फटने के साथ विमान के बाकी तीन पहियों के लॉक होने की बात सामने आई है। विमान का व्हील एक्सल भी क्षतिग्रस्त बताया जा रहा है।

DGCA की 9 सदस्यीय टीम कर रही जांच

घटना के बाद विमान की तकनीकी खराबी और टायर फटने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। DGCA की 9 सदस्यीय टीम पूरे मामले की जांच कर रही है। टीम ने रनवे की स्थिति, विमान की तकनीकी स्थिति और उसके मेंटेनेंस रिकॉर्ड की भी जांच की।

जांच के बाद रनवे को सुरक्षित घोषित किया गया। इसके बाद प्रयागराज से आने वाली दूसरी फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।

विमान को दिल्ली ले जाने की तैयारी

क्षतिग्रस्त विमान की मौके पर मरम्मत करने में तकनीकी दिक्कतें सामने आ रही हैं। ऐसे में अलायंस एयर विमान को सुरक्षित तरीके से दिल्ली ले जाने की तैयारी कर रही है। इसके बाद विमान को दिल्ली स्थित वर्कशॉप में ले जाकर उसकी पूरी तकनीकी जांच और आवश्यक मरम्मत की जाएगी।

फिलहाल DGCA की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि लैंडिंग के दौरान विमान का टायर किस वजह से फटा और तीन अन्य पहियों के लॉक होने की स्थिति कैसे बनी।

Breaking News