नई दिल्ली, 1 सितम्बर। रूस की सेना में भर्ती किए गए भारतीय नागरिकों को लेकर विदेश मंत्रालय ने बड़ा अपडेट दिया है। मंत्रालय के मुताबिक, अब तक 227 भारतीयों के बारे में जानकारी सामने आई है। इनमें से 139 भारतीयों की सैन्य सेवा समाप्त हो चुकी है, जबकि 51 भारतीयों की मौत की पुष्टि हुई है।
भारतीयों की रिहाई के लिए रूस से संपर्क
विदेश मंत्रालय के अनुसार, जो भारतीय अभी भी रूसी सेना से जुड़े हुए हैं, उनकी जल्द रिहाई और सुरक्षित स्वदेश वापसी के लिए भारत लगातार मॉस्को के संपर्क में है। इस दिशा में रूसी अधिकारियों के साथ लगातार बातचीत की जा रही है।
विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने बताया कि भारतीय अधिकारी और मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास इस मामले को लगातार रूसी अधिकारियों के सामने उठा रहे हैं। भारत की कोशिश है कि रूसी सेना में अभी भी मौजूद भारतीय नागरिकों की जल्द से जल्द रिहाई सुनिश्चित कर उन्हें वापस भारत लाया जाए।
51 भारतीयों की मौत की पुष्टि
विदेश मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, रूस की सेना से जुड़े भारतीयों में अब तक 51 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। वहीं, 139 भारतीयों की सैन्य सेवा समाप्त हो चुकी है।
भारत सरकार बाकी भारतीय नागरिकों की स्थिति का पता लगाने और उनकी सुरक्षित वापसी के लिए रूसी पक्ष के साथ संपर्क बनाए हुए है।


