Breaking News: बिलासपुर में 5 करोड़ की चोरी… तीर्थ यात्रा पर गए कारोबारी के सूने घर को बनाया निशाना

Breaking News: बिलासपुर में 5 करोड़ की चोरी… तीर्थ यात्रा पर गए कारोबारी के सूने घर को बनाया निशाना

बिलासपुर, 25 जुलाई। Breaking News: शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत नेहरू नगर से करीब 5 करोड़ रुपये की चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। चोरों ने एक बड़े कारोबारी के सूने मकान को निशाना बनाते हुए नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और कीमती रत्नों पर हाथ साफ कर दिया। घटना के वक्त मकान मालिक दंपत्ति तीर्थ यात्रा पर बाहर गए हुए थे। चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, नेहरू नगर मुख्य मार्ग निवासी कारोबारी रजनीश सेठ और उनकी पत्नी इन दिनों तीर्थ यात्रा पर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। घर में प्रवेश करने के लिए बदमाशों ने एसी लगाने वाली जगह को हटाया और उसके रास्ते मकान के अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने घर के एक-एक कमरे को खंगालकर कीमती सामान चोरी कर लिया।

प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, घर से नकदी, सोने-चांदी के जेवरात और कीमती रत्नों समेत करीब 5 करोड़ रुपये की संपत्ति चोरी होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत का पता दंपत्ति के वापस लौटने और विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।

डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी

घटना की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन थाना पुलिस, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। पुलिस ने घर और उसके आसपास से तकनीकी साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस नेहरू नगर मुख्य मार्ग और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की संख्या, उनके आने-जाने के रास्ते और वारदात के समय का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और फॉरेंसिक जांच के आधार पर जल्द ही इस हाई-प्रोफाइल चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

Breaking News क्राइम न्यूज