रायपुर, 25 जुलाई। Chhattisgarh First State Butterfly: छत्तीसगढ़ सरकार का वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग प्रदेश की समृद्ध जैव विविधता को नई पहचान देने की दिशा में एक अनूठी पहल करने जा रहा है। राज्य को जल्द ही अपनी पहली राजकीय तितली मिलने वाली है। खास बात यह है कि इसके चयन में प्रदेश की आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
वन विभाग ने प्रदेशवासियों से अपनी पसंदीदा तितली प्रजाति के पक्ष में ऑनलाइन मतदान करने की अपील की है। इच्छुक नागरिक 31 अगस्त 2026 तक गूगल फॉर्म के माध्यम से अपनी पसंदीदा तितली को वोट दे सकते हैं।
जनता और विशेषज्ञों की राय से होगा अंतिम चयन
वन विभाग के अनुसार, आम नागरिकों से प्राप्त मतों और विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों के आधार पर छत्तीसगढ़ की पहली राजकीय तितली का आधिकारिक चयन किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य लोगों को जैव विविधता संरक्षण से जोड़ना और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
तीन दुर्लभ और खूबसूरत प्रजातियां शॉर्टलिस्ट
वन विभाग और विशेषज्ञों ने राज्य में पाई जाने वाली तितलियों की विभिन्न प्रजातियों में से तीन प्रमुख, दुर्लभ और आकर्षक प्रजातियों को शॉर्टलिस्ट किया है। इन्हीं तीन प्रजातियों में से एक को छत्तीसगढ़ की पहली राजकीय तितली के रूप में चुना जाएगा।
संरक्षण और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
वन विभाग का मानना है कि राजकीय तितली के चयन से तितलियों एवं अन्य कीट-पतंगों के संरक्षण को प्रोत्साहन मिलेगा। इसके साथ ही पर्यावरण अध्ययन, प्रकृति पर्यटन (इको-टूरिज्म) और जैव विविधता के प्रति लोगों की रुचि भी बढ़ेगी। यह पहल छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक धरोहर को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


