रायपुर, 02 नवम्बर। Chhattisgarh Hockey League: राजधानी रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विजेता और उपविजेता टीमों के साथ प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बधाई दी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभवी खिलाड़ियों से सीखने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के गांवों, जनजातीय अंचलों और दूरस्थ क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और उचित अवसर देने की है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रतियोगिता में राजधानी रॉयल्स, न्यायधानी नाइट्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, बैलाडीला बुल्स और मैनपाट टाइटंस सहित छह टीमों ने हिस्सा लिया। बस्तर से सरगुजा और रायगढ़ से राजनांदगांव तक के खिलाड़ियों को इस लीग के जरिए एक मंच पर खेलने और अनुभव साझा करने का अवसर मिला। प्रत्येक टीम में एक ओलंपिक खिलाड़ी की भागीदारी भी इस प्रतियोगिता की खास विशेषता रही।
सीएम साय ने कहा कि प्रतियोगिता का संदेश ‘चलव रे संगी, हॉकी खेलबो’ युवाओं को खेलों से जोड़ने का प्रेरक माध्यम बना है। मुकाबलों का प्रसारण जियोहॉटस्टार पर किया गया। वहीं हिंदी के साथ छत्तीसगढ़ी भाषा में कमेंट्री ने आयोजन को स्थानीय संस्कृति से जोड़ा और प्रदेश के खिलाड़ियों को व्यापक पहचान दिलाने का अवसर दिया।
मुख्यमंत्री ने खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए शुरू किए गए मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस मिशन के माध्यम से गांवों और दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें प्रशिक्षण केंद्रों से जोड़ा जाएगा। सरकार का प्रयास है कि संसाधनों की कमी के कारण किसी भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी का सपना अधूरा न रहे। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में इस लीग से निकले खिलाड़ी भारतीय हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व कर देश के लिए पदक जीतेंगे।
हॉकी लीग पूरे देश के लिए रोल मॉडल : मनसुख मांडविया
केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की सराहना करते हुए इसे पूरे देश के लिए रोल मॉडल बताया। उन्होंने कहा कि सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति से ऐसे आयोजन संभव होते हैं। इस तरह की प्रतियोगिताएं खेलों के विकास के साथ प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर देती हैं।
उन्होंने कहा कि हॉकी भारत की समृद्ध खेल परंपरा और गौरव का प्रतीक है। मेजर ध्यानचंद ने अपने खेल कौशल से पूरी दुनिया में देश का नाम रोशन किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों से देश में खेलों के प्रति नया वातावरण तैयार हुआ है। आज युवा खेलों को करियर और अपनी प्रतिभा दिखाने के महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देख रहे हैं।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के एंबेसडर सरदार सिंह सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।


