नई दिल्ली, 24 नवम्बर। BJP Breaking News: पंजाब की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने करीब छह साल बाद एक बार फिर गठबंधन कर लिया है। दोनों पार्टियां 2027 में होने वाला पंजाब विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगी। 24 नवंबर को दिल्ली में दोनों दलों के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में गठबंधन का ऐलान किया गया।
इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल मौजूद रहे। दोनों दलों के दोबारा साथ आने से पंजाब की राजनीति में नए सियासी समीकरण बनने की संभावना है।
2020 में टूटा था 24 साल पुराना गठबंधन
BJP और अकाली दल का गठबंधन सितंबर 2020 में कृषि कानूनों को लेकर टूट गया था। किसान आंदोलन के दौरान अकाली दल ने NDA से अपना समर्थन वापस ले लिया था। इससे पहले दोनों पार्टियां करीब 24 साल तक साथ रही थीं। अब छह साल बाद दोनों दलों ने फिर से हाथ मिलाया है।
AAP और कांग्रेस को देंगे चुनौती
2027 के विधानसभा चुनाव में गठबंधन का मुख्य उद्देश्य आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस को चुनौती देना है। पंजाब में विधानसभा की कुल 117 सीटें हैं। हालांकि, दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे का फॉर्मूला अभी सामने नहीं आया है। इस पर आने वाले समय में फैसला होने की उम्मीद है।
2029 तक पंजाब को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य
गठबंधन के ऐलान के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को पूरी तरह नशामुक्त बनाना NDA का लक्ष्य है। शाह ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों दलों ने पंजाब से नशा खत्म करने के वादे किए, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस काम नहीं किया।
अमित शाह ने कहा कि पंजाब से नशे और भ्रष्टाचार का खात्मा, किसानों की समस्याओं का समाधान और युवाओं को रोजगार देना गठबंधन की प्रमुख प्राथमिकताएं होंगी। उन्होंने बताया कि इन मुद्दों को लेकर BJP और अकाली दल ने करीब तीन महीने तक चर्चा की और आगे की रणनीति के लिए रोडमैप तैयार किया है।


