शेख हसीना की 16 दिसंबर को बांग्लादेश वापसी की तैयारी? दिल्ली से मांगी फ्लाइट

शेख हसीना की 16 दिसंबर को बांग्लादेश वापसी की तैयारी? दिल्ली से मांगी फ्लाइट

रायपुर, 24 नवम्बर। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने स्वदेश वापसी के लिए 16 दिसंबर की तारीख तय की है। वह बांग्लादेश के विजय दिवस के मौके पर ढाका लौटना चाहती हैं। इसके लिए उन्होंने बांग्लादेश की राष्ट्रीय विमानन कंपनी बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस से दिल्ली से ढाका तक उड़ान की व्यवस्था करने की मांग की है। भारत में दो साल से अधिक समय से रह रहीं हसीना के इस ऐलान से बांग्लादेश की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है।

शेख हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली के मुताबिक, हसीना का कहना है कि 5 अगस्त 2024 को उन्हें बांग्लादेशी विमान से भारत लाया गया था। ऐसे में उनकी वापसी के लिए भी विमान की व्यवस्था करना सरकार की जिम्मेदारी है। यह पहली बार है जब उन्होंने स्वदेश लौटने के लिए कोई निश्चित तारीख बताई है।

विजय दिवस पर लौटने की इच्छा

बांग्लादेश में हर साल 16 दिसंबर को विजय दिवस मनाया जाता है। यह दिन 1971 में पाकिस्तान से मुक्ति और स्वतंत्र बांग्लादेश के गठन की याद में मनाया जाता है। हसीना ने इसी ऐतिहासिक दिन पर अपने देश लौटने की इच्छा जताई है।

गौरतलब है कि अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद शेख हसीना की करीब 15 साल पुरानी सत्ता समाप्त हो गई थी। इसके बाद उन्हें देश छोड़ना पड़ा और वह भारत आ गईं। तब से वह भारत में रह रही हैं।

पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र की भी मांगी मांग

स्वदेश वापसी की तैयारी के तहत शेख हसीना ने नए बांग्लादेशी पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र (NID) जारी करने का अनुरोध भी किया था। उनके लंदन स्थित कानूनी प्रतिनिधियों मैट्रिक्स चैंबर्स ने 9 नवंबर को नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश हाई कमीशन से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेज जारी करने की मांग की थी।

अगस्त 2024 में बांग्लादेश छोड़ने के बाद उनके पुराने यात्रा दस्तावेज रद्द कर दिए गए थे। हसीना के पक्ष का कहना है कि बांग्लादेश की नागरिक होने के नाते उन्हें पासपोर्ट और पहचान पत्र प्राप्त करने का अधिकार है।

बांग्लादेश सरकार का रुख सख्त

शेख हसीना की वापसी को लेकर बांग्लादेश सरकार का रुख सख्त बताया जा रहा है। ढाका ने उनके नए यात्रा दस्तावेज जारी करने के अनुरोध को स्वीकार नहीं किया है। बांग्लादेश सरकार का कहना है कि उनकी वापसी मौजूदा भारत-बांग्लादेश प्रत्यर्पण संधि के तहत कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से ही होनी चाहिए।

बांग्लादेश ने भारत से शेख हसीना के प्रत्यर्पण का औपचारिक अनुरोध भी किया है। वहीं, बांग्लादेश के एक मंत्री ने चेतावनी दी है कि यदि हसीना देश लौटती हैं तो उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। इस मामले में भारत की ओर से फिलहाल कोई नया सार्वजनिक फैसला सामने नहीं आया है।

मृत्युदंड की सजा के बीच वापसी का ऐलान

शेख हसीना की प्रस्तावित वापसी ऐसे समय में सामने आई है, जब उन्हें बांग्लादेश में गंभीर कानूनी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। नवंबर 2025 में बांग्लादेश के इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल ने छात्र आंदोलन के दौरान हुई हिंसक कार्रवाई से जुड़े मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में उनकी अनुपस्थिति में मृत्युदंड सुनाया था।

हसीना ने आरोपों और मुकदमे की वैधता को चुनौती दी है। ऐसे में 16 दिसंबर को उनकी प्रस्तावित वापसी पर बांग्लादेश के साथ-साथ भारत की भी नजर रहेगी। अब देखना होगा कि ढाका सरकार इस मांग पर क्या कदम उठाती है और प्रत्यर्पण को लेकर आगे क्या घटनाक्रम सामने आता है।

News and Politics