कोरबा, 22 नवम्बर। Korba Breaking News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दर्री डेम से 21 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बांगो थाना में पदस्थ ASI धनंजय सिंह के बेटे अर्जुन सिंह के रूप में हुई है। अर्जुन 18 नवंबर से लापता था। उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है।
मछुआरों ने पानी में देखा शव
जानकारी के अनुसार, शनिवार को कुछ मछुआरे प्रगतिनगर स्थित दर्री डेम में मछली पकड़ने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर पानी में तैरते एक शव पर पड़ी। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची दर्री थाना पुलिस ने मछुआरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया।
बाद में मौके पर पहुंचे ASI धनंजय सिंह ने शव की पहचान अपने बेटे अर्जुन के रूप में की। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
18 नवंबर से लापता था अर्जुन
बताया जा रहा है कि अर्जुन 18 नवंबर को बाइक से कॉलेज जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन कॉलेज नहीं पहुंचा। इसके बाद से परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। शुरुआती जांच में उसका मोबाइल फोन आखिरी बार दर्री डेम के पास की लोकेशन पर मिला है। हालांकि, पुलिस को अब तक उसका मोबाइल और बाइक नहीं मिले हैं।
मौत की वजह जानने में जुटी पुलिस
एएसपी लखन पटले के मुताबिक, मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि अर्जुन किन परिस्थितियों में डेम तक पहुंचा था।


