रायपुर, 25 नवबर। CG MLA Attendance: छत्तीसगढ़ विधानसभा का अगला सत्र 14 से 17 दिसंबर तक आयोजित होगा। इससे पहले विधानसभा में विधायकों की उपस्थिति और सवाल पूछने का रिपोर्ट कार्ड सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, सदन में उपस्थिति के मामले में भाजपा के छह विधायकों ने शत-प्रतिशत हाजिरी लगाई, जबकि सवाल पूछने के मामले में विपक्ष यानी कांग्रेस सत्ता पक्ष से आगे रहा।
79 दिन सदन पहुंचे भाजपा के 6 विधायक
19 दिसंबर 2023 से 17 जुलाई 2026 तक के उपस्थिति रिकॉर्ड के अनुसार, विधानसभा के कुल 79 कार्यदिवसों में भाजपा के शकुंतला सिंह पोर्ते, प्रेमचंद पटेल, अनुज शर्मा, रोहित साहू, रिकेश सेन और डोमनलाल कोर्सेवाड़ा (दिवंगत) सभी 79 दिन सदन में उपस्थित रहे।
वहीं कांग्रेस की चातुरी नंद, अंबिका मरकाम और यशोदा नीलाम्बर वर्मा 77-77 दिन सदन पहुंचीं। भाजपा विधायक रेणुका सिंह सरुता की उपस्थिति सबसे कम 32 दिन रही। कांग्रेस विधायक कवासी लखमा 45 दिन सदन में उपस्थित रहे।
इसके अलावा राजेश मूणत और देवेंद्र यादव 50-50 दिन, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 59 दिन और अमर अग्रवाल 63 दिन विधानसभा पहुंचे।
सवाल पूछने में भावना बोहरा और धरमलाल कौशिक आगे
विधानसभा में सवाल पूछने के मामले में भाजपा विधायक भावना बोहरा और धरमलाल कौशिक आगे रहे। भावना बोहरा ने कुल 284 सवाल पूछे, जबकि भाजपा विधायक अनुज शर्मा ने 237 सवाल लगाए।
सत्ता पक्ष से ज्यादा विपक्ष ने पूछे सवाल
फरवरी 2024 से जुलाई 2026 तक विधानसभा में कुल 12,559 सवाल पूछे गए। इनमें विपक्ष के विधायकों ने 7,870 सवाल पूछे, जबकि सत्ता पक्ष की ओर से 4,689 सवाल लगाए गए।
इस तरह विपक्ष ने सत्ता पक्ष के मुकाबले 3,181 अधिक सवाल पूछे। आंकड़ों के मुताबिक, सदन में सवाल पूछने के मामले में विपक्ष की सक्रियता ज्यादा रही। अब सभी की नजर 14 दिसंबर से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र पर रहेगी।


