नई दिल्ली, 25 नवम्बर। US Tariff India: अमेरिका एक बार फिर भारत समेत 16 देशों से आयात होने वाले सामान पर अतिरिक्त टैरिफ लगाने की तैयारी कर रहा है। अमेरिकी प्रशासन का आरोप है कि ये देश सरकारी मदद के जरिए जरूरत से ज्यादा सामान का उत्पादन कर रहे हैं और कम कीमतों पर अमेरिकी बाजार में बेच रहे हैं। इससे अमेरिकी कंपनियों को नुकसान पहुंच रहा है।
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर इसी सप्ताह इस मामले में जांच के नतीजे जारी कर सकते हैं। यह जांच 11 मार्च से 1974 के अमेरिकी व्यापार कानून के तहत की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित देशों के सामान पर अतिरिक्त टैरिफ लगाया जा सकता है। हालांकि, अभी नई टैरिफ दरें तय नहीं की गई हैं।
पहले 50% से घटाकर 18% किया था टैरिफ
अमेरिका इसी साल फरवरी में भारत पर लगाए गए टैरिफ को 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर चुका था। इसके अलावा रूस से तेल आयात के कारण लगाया गया 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ भी वापस लेने का फैसला किया गया था। अब नई जांच के बाद भारत पर दोबारा अतिरिक्त शुल्क लगाए जाने की आशंका जताई जा रही है।
जबरन मजदूरी के मुद्दे पर भी कार्रवाई की तैयारी
अमेरिका विदेशी सप्लाई चेन में जबरन मजदूरी के आरोपों को लेकर भी कई व्यापारिक साझेदार देशों पर कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। इस मामले में 10 से 12.5 प्रतिशत तक अतिरिक्त टैरिफ लगाए जाने की संभावना है।
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर भी असर संभव
भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते को लेकर बातचीत जारी है। भारत चाहता है कि उसके उत्पादों पर बांग्लादेश, वियतनाम और कंबोडिया जैसे प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में कम टैरिफ लगाया जाए।
इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प रूस से तेल खरीदने वाले देशों पर 100 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने के प्रस्ताव पर फिलहाल रोक लगा चुके हैं। ऐसे में नई जांच के नतीजे भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों और दोनों देशों के बीच जारी व्यापार समझौते की बातचीत के लिहाज से महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।


