Chhattisgarh: नवा रायपुर में बनेगी साइंस सिटी… मुख्यमंत्री ने जल्द काम शुरू करने के दिए निर्देश

Chhattisgarh: नवा रायपुर में बनेगी साइंस सिटी… मुख्यमंत्री ने जल्द काम शुरू करने के दिए निर्देश

रायपुर, 26 नवम्बर। Chhattisgarh: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को महानदी भवन में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (सिकॉस्ट) और छत्तीसगढ़ रीजनल साइंस सेंटर के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रदेश में वैज्ञानिक सोच, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने के साथ आधुनिक विज्ञान एवं तकनीक का उपयोग जनकल्याण और राज्य के विकास में करने के निर्देश दिए।

साइंस सिटी में होंगे कई आकर्षक वैज्ञानिक अनुभव

मुख्यमंत्री साय ने नवा रायपुर में प्रस्तावित साइंस सिटी की स्थापना से जुड़ी प्रक्रियाएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि साइंस सिटी में 7-डी थिएटर, टाइम मशीन सिम्युलेटर, प्लेनेटेरियम, स्पेस एंड एस्ट्रोनॉमी गैलरी, ऑन एयर विज्ञान पार्क, द ग्रीन गार्डियन, स्पेस ओडिसी, साइंस ऑन स्फीयर, डिजिटल पैनोरमा, ऑडिटोरियम और रिन्यूएबल एनर्जी पार्क जैसे आकर्षण विकसित किए जाएंगे।

इससे बच्चों, युवाओं और आम नागरिकों को विज्ञान के जटिल सिद्धांतों और आधुनिक तकनीकों को सरल, रोचक और अनुभवात्मक तरीके से समझने का अवसर मिलेगा। उप मुख्यमंत्री एवं विज्ञान प्रौद्योगिकी मंत्री विजय शर्मा ने भी विभाग के नवाचारों का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि साइंस सिटी विज्ञान में रुचि रखने वाले लोगों के साथ पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगी।

विश्वविद्यालयों से जोड़ी जाएंगी सिकॉस्ट की प्रयोगशालाएं

मुख्यमंत्री ने सिकॉस्ट में स्थापित केंद्रीय प्रयोगशालाओं को प्रदेश के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों से जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को वैज्ञानिक अनुसंधान के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकें। बैठक में समर साइंस कैंप की गतिविधियों की समीक्षा के साथ विज्ञान केंद्र में स्थापित की जा रही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) गैलरी की जानकारी भी दी गई।

इसके अलावा सूरजपुर जिले के मायापुर में कर्क रेखा के गुजरने वाले क्षेत्र में प्रस्तावित एस्ट्रो साइंस पार्क के निर्माण पर भी चर्चा हुई।

कृषि, आपदा प्रबंधन और राजस्व कार्यों में तकनीक का होगा उपयोग

मुख्यमंत्री ने वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी परियोजनाओं का व्यावहारिक लाभ प्रदेश को दिलाने के साथ विभाग की स्ववित्तपोषण संभावनाओं को बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कृषि, ग्रामीण विकास, पर्यावरण और राजस्व सहित विभिन्न विभागों की जरूरतों के अनुरूप परियोजनाएं तैयार करने के निर्देश दिए।

बाढ़ एवं आपदा प्रबंधन, निर्माण कार्यों की निगरानी, राजस्व निरीक्षण, भू-अभिलेख प्रबंधन और भूमि उपयोग के आकलन जैसे कार्यों में आधुनिक वैज्ञानिक एवं तकनीकी संसाधनों का अधिकाधिक उपयोग करने को कहा। साथ ही सरकारी विभागों के अलावा निजी संस्थाओं और फर्मों को भी आवश्यक वैज्ञानिक एवं तकनीकी सहयोग देने के निर्देश दिए।

युवाओं के नवाचार और पेटेंट को मिलेगा प्रोत्साहन

बैठक में बौद्धिक संपदा अधिकारों से संबंधित सहायता और मार्गदर्शन के लिए जारी टोल फ्री नंबर की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने प्रतिभाशाली युवाओं, शोधकर्ताओं और नवाचार करने वालों को पेटेंट सहित विभिन्न बौद्धिक संपदा अधिकार प्राप्त करने की प्रक्रिया में सहयोग देने के निर्देश दिए, ताकि उनकी खोजों और मौलिक विचारों को संरक्षण एवं पहचान मिल सके।

गांव-गांव तक विज्ञान पहुंचाएगी चलित विज्ञान बस

ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए चलित विज्ञान जागरूकता बस के संचालन पर भी चर्चा हुई। इस बस के जरिए बच्चों और आम नागरिकों तक वैज्ञानिक प्रयोग, आधुनिक तकनीक और विज्ञान से जुड़ी रोचक जानकारी पहुंचाई जाएगी, जिससे उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित हो सके।

बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव सुबोध कुमार सिंह, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक प्रशांत कविश्वर सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

राज्य खबर