Chhattisgarh: बस्तर में नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी सफलता… 13 लाख की इनामी दो माओवादियों ने किया सरेंडर

Chhattisgarh: बस्तर में नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी सफलता… 13 लाख की इनामी दो माओवादियों ने किया सरेंडर

बीजापुर, 26 नवम्बर। Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी सफलता मिली है। ओडिशा स्टेट कमेटी में सक्रिय दो माओवादियों ने बीजापुर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। दोनों पर कुल 13 लाख रुपये का इनाम घोषित था। सुरक्षा बलों के लगातार अभियान और शासन की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर दोनों ने हिंसा का रास्ता छोड़ने का फैसला लिया।

दोनों माओवादियों पर था 13 लाख का इनाम

आत्मसमर्पण करने वाली माओवादियों की पहचान नागमणि कुडमे उर्फ शीला (32) और गंगा सोढ़ी उर्फ सोनू (26) के रूप में हुई है। इनमें नागमणि पर 8 लाख रुपये और गंगा सोढ़ी पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था। दोनों लंबे समय से माओवादी संगठन में सक्रिय थीं और संगठन में अलग-अलग जिम्मेदारियां संभाल चुकी थीं।

संयुक्त प्रयासों से मिली सफलता

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिला पुलिस, डीआरजी, कोबरा बटालियन और सीआरपीएफ के संयुक्त प्रयासों से यह सफलता मिली है। सुरक्षा बलों के लगातार अभियान और सरकार की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर दोनों ने संगठन छोड़कर मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, दोनों माओवादी छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कई क्षेत्रों में सक्रिय रही हैं। वे विभिन्न नक्सली घटनाओं और मुठभेड़ों से भी जुड़ी रही हैं।

पुनर्वास नीति के तहत मिलेगी सहायता

आत्मसमर्पण के बाद दोनों को शासन की पुनर्वास नीति के तहत आर्थिक सहायता, आवास, शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। सरकार का उद्देश्य आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़कर उन्हें बेहतर भविष्य का अवसर देना है।

राज्य खबर