Janjgir Champa Crime News: जांजगीर-चांपा में लापता महिला का पहाड़ी पर मिला शव… प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका

Janjgir Champa Crime News: जांजगीर-चांपा में लापता महिला का पहाड़ी पर मिला शव… प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका

जांजगीर-चांपा, 26 नवम्बर। Janjgir Champa Crime News: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में दो दिनों से लापता 30 वर्षीय महिला का शव पहाड़ी क्षेत्र में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। महिला 22 नवंबर से लापता थी। 25 नवंबर को पुलिस और ग्रामीणों की संयुक्त सर्चिंग के दौरान उसका शव तिलसा रवार पहाड़ी क्षेत्र में बरामद हुआ। शुरुआती जांच में प्रेम संबंध को लेकर विवाद के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है।

22 नवंबर से लापता थी महिला

जानकारी के अनुसार, ग्राम अंगारखार निवासी 30 वर्षीय महिला 22 नवंबर से लापता थी। 24 नवंबर को परिजनों की सूचना पर पंतोरा पुलिस चौकी में गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस ने महिला की तलाश शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में पुलिस टीम लगातार जांच और पतासाजी कर रही थी। इसी दौरान 25 नवंबर को पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान तिलसा रवार पहाड़ी क्षेत्र में महिला का शव मिला। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रेम संबंध को लेकर विवाद की आशंका

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला पहाड़ी पर अपने एक परिचित व्यक्ति से मिलने गई थी। इसी दौरान गांव का ही एक अन्य व्यक्ति वहां पहुंचा और प्रेम संबंध को लेकर विवाद करने लगा। विवाद के बाद महिला से मिलने आया परिचित व्यक्ति वहां से चला गया।

पुलिस इसी घटनाक्रम को हत्या की आशंका से जोड़कर जांच कर रही है। मामले में एक संदिग्ध आरोपी को चिन्हित किया गया है।

संदिग्ध आरोपी अस्पताल में भर्ती

पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध आरोपी ने कथित तौर पर जहर का सेवन कर लिया है। फिलहाल उसका कोरबा अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद महिला की मौत के कारणों और घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

क्राइम न्यूज