रायपुर, 27 नवम्बर। Mahadev Satta Case: महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच अब कारोबार और प्रॉपर्टी नेटवर्क तक पहुंच गई है। ED ने दिल्ली में लग्जरी कैटरर राहुल मक्कर, रियल एस्टेट कारोबारी शेली ग्रोवर और उनके बेटे माधव ग्रोवर से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी की है। जांच के दायरे में पिता-पुत्र से जुड़ी 9 कंपनियां भी शामिल हैं।
जांच एजेंसी को शक है कि महादेव सट्टे से कमाए गए करोड़ों रुपये इन कारोबारियों तक पहुंचे। इसके बाद इस रकम को दुबई के रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स और भारत के हॉस्पिटैलिटी कारोबार में निवेश किया गया। ED अब इन कारोबारी लेन-देन और पैसों के पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।
सौरभ चंद्राकर की शादी से जुड़ा राहुल मक्कर का कनेक्शन
जांच में राहुल मक्कर का नाम सामने आया है। उनकी कंपनी ने महादेव सट्टा मामले के आरोपी सौरभ चंद्राकर की साल 2023 में दुबई में हुई भव्य शादी में कैटरिंग का काम संभाला था। इसी कनेक्शन के आधार पर ED कारोबारी लेन-देन की जांच कर रही है।
दिल्ली में कई ठिकानों पर छापेमारी
ED ने दिल्ली के जोरबाग स्थित ग्रोवर परिवार के दो मकानों, खान मार्केट के ऑफिस और राहुल मक्कर से जुड़े रिवेरा हाउस समेत कई वेडिंग वेन्यू पर तलाशी ली। इस दौरान वित्तीय रिकॉर्ड, कंपनियों के दस्तावेज और प्रॉपर्टी से जुड़े कागजात खंगाले गए।
विकास छपरिया से कारोबारी रिश्तों की भी जांच
ED राहुल मक्कर और विकास छपरिया के बीच कारोबारी संबंधों की भी पड़ताल कर रही है। विकास छपरिया को सट्टे से जुड़े पैसों का वित्तीय प्रबंधन संभालने वाला अहम व्यक्ति बताया जाता है।
फिलहाल जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि सट्टे से कमाई गई रकम किन कंपनियों और लोगों के जरिए आगे भेजी गई और उसे किन कारोबारों और संपत्तियों में निवेश किया गया। इस कार्रवाई के बाद महादेव सट्टा मामले के कारोबारी और प्रॉपर्टी नेटवर्क की जांच और तेज हो गई है।


