Mahasamund Crime: लग्जरी कार से 52 किलो चांदी और 3 लाख कैश जब्त… कीमत 1 करोड़ पार

Mahasamund Crime: लग्जरी कार से 52 किलो चांदी और 3 लाख कैश जब्त… कीमत 1 करोड़ पार

महासमुंद, 27 नवम्बर। Mahasamund Crime: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में बसना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक कार से करीब 52 किलो चांदी के आभूषण, बर्तन, मूर्तियां और सिल्लियां बरामद की हैं। इसके अलावा 3 लाख 39 हजार 800 रुपये नकद भी मिले हैं। जब्त चांदी, नकदी और कार की कुल अनुमानित कीमत 1 करोड़ 3 लाख 39 हजार 800 रुपये बताई गई है।

जानकारी के मुताबिक, 26 नवंबर को पलसापाली अंतरराज्यीय चेकपोस्ट पर पुलिस संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की मारुति सुजुकी विक्टोरियस कार को रोककर तलाशी ली गई। कार में रायपुर के गोबरानवापारा निवासी उमेश कंसारी और गरियाबंद के बेलटूकरी निवासी रोशन कुमार साहू सवार थे।

छह बैग में मिले चांदी के आभूषण और मूर्तियां

कार की तलाशी के दौरान डिक्की और सीट पर रखे छह काले बैग से चांदी के आभूषण, पायल, बिछिया, अंगूठी, चेन, कड़ा, ब्रेसलेट, करधन, बर्तन, मूर्तियां और चांदी जैसी छह सिल्लियां बरामद हुईं। इनका कुल वजन रैपर सहित 52 किलो 528 ग्राम पाया गया। पुलिस के अनुसार, बरामद चांदी की अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये है।

दस्तावेज नहीं दिखाने पर पुलिस ने की जब्ती

पुलिस ने दोनों व्यक्तियों से चांदी और नकदी के स्वामित्व से जुड़े दस्तावेज, जीएसटी बिल, ई-वे बिल और परिवहन संबंधी कागजात मांगे। लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पुलिस ने चांदी, नकदी और परिवहन में इस्तेमाल कार को संदिग्ध संपत्ति मानते हुए सीलबंद कर जब्त कर लिया।

क्राइम न्यूज