बलरामपुर, 28 नवम्बर। CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शुक्रवार को बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रघुनाथनगर में आयोजित करमा महोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने जिलेवासियों को 71 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत के 694 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 54 करोड़ 21 लाख रुपये के 672 कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास तथा 17 करोड़ 27 लाख रुपये के 22 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति और परंपराएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं। करमा महोत्सव लोकआस्था, प्रकृति के प्रति सम्मान और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। सरकार इन परंपराओं के संरक्षण के साथ दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
वाड्रफनगर और आसपास के क्षेत्रों को मिली कई सौगातें
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें वाड्रफनगर में उप पंजीयक कार्यालय भवन, रघुनाथनगर और बरतीकला में मंगल भवन, महेवा में विद्युत सब स्टेशन तथा रकसगंडा को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना शामिल है।
इसके अलावा भगवानपुर से मेंढ़ारी और डिण्डो-विमलापुर-नावाडीह सड़क निर्माण, सात नल-जल योजनाएं, रामानुजगंज अस्पताल में डायलिसिस यूनिट, 12 आंगनबाड़ी भवन, राजपुर में एसडीएम कार्यालय और चान्दो में तहसील कार्यालय भवन का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया।
किसानों और महिलाओं के लिए सरकार की योजनाओं का किया जिक्र
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि किसानों की खुशहाली सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रदेश में किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदा जा रहा है। इस वर्ष 360 नए धान खरीदी केंद्र भी खोले गए हैं।
उन्होंने बताया कि कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता दी जाएगी। वहीं महतारी वंदन योजना के माध्यम से 68 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये दिए जा रहे हैं।
वृद्धजन क्लिनिक का शुभारंभ, बुजुर्गों को एक ही जगह मिलेंगी सुविधाएं
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन की पहल पर शुरू किए गए वृद्धजन क्लिनिक का शुभारंभ किया। यहां बुजुर्गों के लिए अलग पंजीयन काउंटर, चिकित्सकीय जांच, विशेषज्ञ परामर्श, जेरियाट्रिक फिजियोथेरेपी, इन्फ्रारेड थेरेपी, मसाज चेयर और आयुष चिकित्सा की सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इससे वरिष्ठ नागरिकों को अलग-अलग स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और एक ही छत के नीचे बेहतर इलाज मिल सकेगा।
मेगा स्वास्थ्य शिविर में 7,259 लोगों का उपचार
करमा महोत्सव के अवसर पर आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर में 7,259 लोगों को उपचार मिला। मुख्यमंत्री ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के सेवाभाव की भी प्रशंसा की।
बालभोग नवाचार से कुपोषण दूर करने की पहल
कार्यक्रम में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने जिले में चल रहे विकास कार्यों और नवाचारों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बच्चों में कुपोषण दूर करने के लिए बालभोग पहल शुरू की गई है। इसके तहत ग्रामीण महिलाएं रागी, सत्तू और श्रीअन्न से पौष्टिक लड्डू तैयार करती हैं। पोषण सखियां घर-घर जाकर कुपोषित बच्चों को लड्डू खिलाती हैं और उनकी पोषण संबंधी प्रगति का रिकॉर्ड रखती हैं।
कार्यक्रम में सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज, प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते, पूर्व गृहमंत्री रामसेवक पैकरा सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


