रतलाम, 29 नवम्बर। Ratlam Road Accident: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के धौंसवास इलाके में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। फोरलेन पर तेज रफ्तार ब्रेजा कार आगे चल रही पिकअप से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने नाले में जा गिरी। वहीं कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में पिकअप के ड्राइवर और क्लीनर समेत कार सवार चार लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही राहत टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
इंदौर से राजस्थान जा रहे थे कार सवार
जानकारी के मुताबिक, ब्रेजा कार इंदौर से राजस्थान की ओर जा रही थी। कार में इंदौर के तीन युवक और एक युवती सवार थे। धौंसवास के पास पहुंचने पर कार चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और आगे चल रही पिकअप को पीछे से टक्कर मार दी।
कार में मिली बीयर की कैन
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार की जांच के दौरान उसके अंदर बीयर की कैन मिली। इसके बाद कार सवारों के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। टक्कर के दौरान कार के एयरबैग खुल गए, जिससे कार सवारों को गंभीर नुकसान से बचाने में मदद मिली।
तेज रफ्तार से हुआ हादसा
हादसे की स्थिति को देखते हुए कार की रफ्तार काफी तेज होने की आशंका जताई जा रही है। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद की।
पुलिस जुटा रही हादसे की जानकारी
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और घायलों की पूरी जानकारी जुटा रही है। नाले में गिरी पिकअप और क्षतिग्रस्त कार को हटवाकर यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस के अनुसार, घायलों के बयान दर्ज होने के बाद हादसे की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।


