कांकेर, 29 नवम्बर। CG Maoist Arrested: छत्तीसगढ़ के उत्तर बस्तर में माओवादी संगठन को दोबारा सक्रिय करने की कोशिशों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कांकेर जिले के मेंड्रा इलाके के जंगल से पुलिस ने पांच माओवादियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में आठ लाख रुपये का इनामी माओवादी DVCM चंदर कतलाम भी शामिल है। वहीं, उनका एक अन्य साथी मंगेश पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार माओवादी क्षेत्र में ग्रामीणों की बैठक आयोजित कर कमजोर पड़ चुके संगठन को दोबारा मजबूत करने की योजना बना रहे थे। इसकी सूचना मुखबिर के जरिए पुलिस को मिली। इसके बाद पुलिस ने मेंड्रा इलाके में कार्रवाई करते हुए पांचों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार माओवादियों की पहचान चंदर कतलाम (DVCM), मंगलू (पड्डा काकानार एरिया कमांडर), मनीषा परचापी, रमशीला और सनकी के रूप में हुई है। सभी को गोंडाहूर थाना लाया गया है। बताया जा रहा है कि पांचों 28 नवंबर की दोपहर से पुलिस हिरासत में हैं।
ग्रामीणों की बैठक कर संगठन मजबूत करने की थी तैयारी
सूत्रों के मुताबिक, माओवादी ग्रामीणों से संपर्क बढ़ाकर संगठन को दोबारा खड़ा करने की योजना बना रहे थे। इसके लिए ग्रामीणों की बैठक आयोजित करने की तैयारी थी। हालांकि, बैठक से पहले ही पुलिस को इसकी जानकारी मिल गई और कार्रवाई करते हुए पांचों को गिरफ्तार कर लिया गया।
आठ लाख का इनामी चंदर भी गिरफ्तार
इस कार्रवाई में DVCM चंदर कतलाम की गिरफ्तारी को पुलिस के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है। चंदर पर आठ लाख रुपये का इनाम घोषित था। वह माओवादी संगठन में डिविजनल कमेटी मेंबर के पद पर बताया जाता है। वहीं, मंगलू पड्डा काकानार क्षेत्र का एरिया कमांडर है। दोनों की गिरफ्तारी से उत्तर बस्तर में माओवादी नेटवर्क को झटका लगने की संभावना है।
AK-47 और SLR बरामद होने की चर्चा
कार्रवाई के दौरान हथियारों की बरामदगी की जानकारी भी सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने एक AK-47 और एक SLR बरामद की है। हालांकि, हथियारों की बरामदगी को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
हिरासत में मारपीट के आरोपों की भी चर्चा
मामले में गिरफ्तार माओवादियों के साथ हिरासत के दौरान कथित मारपीट किए जाने के आरोप भी सामने आए हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस फरार माओवादी मंगेश की तलाश में जुटी है।


