Ayodhya Ram Mandir: राम मंदिर ट्रस्ट को मिला नया सचिव… जगदीश आफले संभालेंगे जिम्मेदारी

Ayodhya Ram Mandir: राम मंदिर ट्रस्ट को मिला नया सचिव… जगदीश आफले संभालेंगे जिम्मेदारी

अयोध्या, 29 जुलाई। Ayodhya Ram Mandir: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मंदिर निर्माण परियोजना से जुड़े प्रोजेक्ट मैनेजर जगदीश आफले को ट्रस्ट का नया सचिव नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति पर औपचारिक मुहर 2 सितंबर को होने वाली ट्रस्ट की अगली बैठक में लगाई जाएगी। मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति में हो रही देरी को देखते हुए ट्रस्ट ने सचिव का नया पद सृजित कर यह जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है।

ट्रस्ट ने जगदीश आफले को अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता भी बनाया है और उनके नाम का प्रस्ताव भारतीय स्टेट बैंक को भेज दिया गया है। हाल ही में चढ़ावा चोरी विवाद के बाद तत्कालीन महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा के इस्तीफे स्वीकार किए गए थे। इसके बाद अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता नहीं होने के कारण ट्रस्ट के बैंक खातों के संचालन में तकनीकी बाधाएं उत्पन्न हो गई थीं।

नए सचिव की नियुक्ति के साथ ही यह गतिरोध समाप्त हो गया है और ट्रस्ट के खातों का संचालन दोबारा शुरू हो गया है। हस्ताक्षरकर्ता नहीं होने के कारण ट्रस्ट से जुड़े करीब एक हजार कर्मचारियों के वेतन और विभिन्न एजेंसियों के भुगतान पर भी असर पड़ रहा था।

जगदीश आफले लंबे समय से राम मंदिर निर्माण परियोजना के प्रोजेक्ट मैनेजर के रूप में बिना वेतन अपनी सेवाएं दे रहे हैं। महाराष्ट्र के पुणे निवासी आफले पेशे से इलेक्ट्रिकल इंजीनियर हैं। उन्होंने आईआईटी मुंबई से बीटेक और एमटेक की पढ़ाई की है तथा भारत और विदेशों की कई बहुराष्ट्रीय कंपनियों के साथ कार्य करने का अनुभव रखते हैं। राम मंदिर निर्माण कार्य शुरू होने के बाद उन्होंने स्वयं को पूरी तरह इस परियोजना के लिए समर्पित कर इसकी जिम्मेदारियां संभाली हैं।

ट्रस्ट अब सचिव की नियुक्ति के बाद मुख्य कार्यकारी अधिकारी और प्रवक्ता के चयन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगा। ट्रस्ट के अनुसार प्रवक्ता की नियुक्ति अंतिम चरण में है, जबकि सीईओ के चयन में अभी कुछ समय लगेगा। तब तक जगदीश आफले सचिव के रूप में ट्रस्ट के प्रशासनिक कार्यों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाएंगे।

National