Gariaband News: गरियाबंद में बड़ा हादसा… उफनते सरगी नाला में बहा ग्रामीण

Gariaband News: गरियाबंद में बड़ा हादसा… उफनते सरगी नाला में बहा ग्रामीण

गरियाबंद, 29 जुलाई। Gariaband News: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच उफनते नाले को पार करने की कोशिश एक ग्रामीण के लिए जानलेवा साबित हुई। फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के सरगी नाला में तेज बहाव में बह जाने से 55 वर्षीय थनवार यादव की मौत हो गई। करीब एक घंटे की तलाश के बाद उनका शव घटनास्थल से लगभग 5 किलोमीटर दूर बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, सहसपुर निवासी थनवार यादव अपने एक साथी के साथ धूर्सा गांव आए थे। सुबह करीब सात बजे के बाद लगातार बारिश के कारण सरगी नाला का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। वापसी के दौरान उनके साथी और आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तेज बहाव के कारण नाला पार नहीं करने की सलाह दी, लेकिन उन्होंने चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए नाला पार करने का प्रयास किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मौके पर मौजूद लोग उन्हें लगातार रोकते रहे। कुछ लोग पूरी घटना का वीडियो भी बना रहे थे। जैसे ही थनवार यादव नाले के तेज बहाव वाले हिस्से में पहुंचे, पानी की तेज धारा उन्हें बहाकर ले गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और फिंगेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा तलाश अभियान शुरू किया गया। करीब एक घंटे बाद खूंटेरी गांव के पास, घटनास्थल से लगभग 5 किलोमीटर दूर उनका शव बरामद किया गया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही, लगातार हो रही बारिश को देखते हुए लोगों से उफनते नदी-नालों को पार करने का जोखिम नहीं उठाने और प्रशासन की चेतावनियों का पालन करने की अपील की गई है।

Breaking News