अंबिकापुर, 17 सितम्बर। Bhupesh Baghel and TS Singh Deo Meet: कांग्रेस के संभागीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव के बीच हुई बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बातचीत में सिंहदेव के पुराने निवास ‘तपस्या’ का जिक्र हुआ, जिस पर दोनों नेताओं के बीच हल्का-फुल्का संवाद हुआ।
दरअसल, प्रशिक्षण शिविर से निकलते समय टीएस सिंहदेव ने भूपेश बघेल को कॉफी के लिए अपने घर आने का निमंत्रण दिया। इस पर बघेल ने पूछा कि कहां आना है, ‘तपस्या?’ सिंहदेव के वर्षों तक इसी नाम के निवास में रहने के संदर्भ में यह बात कही गई।
इस पर सिंहदेव ने मुस्कुराते हुए कहा कि ‘तपस्या कहां है, उसे तो बेच रहे हैं, कैसे चलेगा।’ इस बातचीत पर भूपेश बघेल भी मुस्कुराए और वहां से अपनी गाड़ी में रवाना हो गए।
बाद में बलरामपुर के शंकरगढ़ से लौटने के बाद भूपेश बघेल टीएस सिंहदेव के घर कॉफी पीने पहुंचे। इस दौरान पूर्व मंत्री अमरजीत भगत और कांग्रेस समर्थक भी उनके साथ मौजूद रहे।


