दुर्ग, 14 अगस्त। CG Cyber Crime: राज्य महिला आयोग की नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने महिलाओं के खिलाफ बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर महत्वपूर्ण बयान दिया है। उन्होंने साइबर क्राइम की शिकार महिलाओं से अपील की है कि ऐसे मामलों में थानों के चक्कर लगाने के बजाय सीधे रेंज के IG या राज्य महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराएं।
दुर्ग प्रवास के दौरान मीडिया से बातचीत में डॉ. ममता साहू ने कहा कि साइबर अपराध तकनीकी और जटिल प्रकृति के होते हैं। कई बार थाना स्तर पर साइबर मामलों की शुरुआती जांच और तकनीकी कार्रवाई को लेकर पर्याप्त जानकारी नहीं होने के कारण शिकायतों पर समय पर कार्रवाई नहीं हो पाती। इससे पीड़ितों को न्याय मिलने में देरी हो सकती है और महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्यों के प्रभावित होने का खतरा रहता है।
साइबर फ्रॉड और ब्लैकमेलिंग पर विशेष ध्यान
महिला आयोग अध्यक्ष ने कहा कि साइबर फ्रॉड, ब्लैकमेलिंग, फेक प्रोफाइल और सोशल मीडिया पर उत्पीड़न जैसे मामलों में तेजी से कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने महिलाओं से कहा कि वे ऐसे मामलों में बिना झिझक उच्च अधिकारियों या राज्य महिला आयोग से संपर्क करें।
डॉ. साहू ने कहा कि शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनके त्वरित निराकरण का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने महिलाओं को साइबर अपराधों के खिलाफ जागरूक रहने और किसी भी तरह की परेशानी होने पर शिकायत करने की अपील की।
डॉ. ममता साहू के इस बयान के बाद पुलिस प्रशासन के मैदानी स्तर पर साइबर अपराधों से निपटने की तैयारियों और पुलिसकर्मियों के तकनीकी प्रशिक्षण को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।


