जशपुर, 1 सितम्बर। CG News: जिले में खेल सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जिला मुख्यालय जशपुर में आधुनिक फुटबॉल स्टेडियम के निर्माण के लिए छत्तीसगढ़ शासन ने 5 करोड़ 49 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। स्टेडियम के निर्माण से जिले की खेल अधोसंरचना को मजबूती मिलने के साथ खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और अभ्यास के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
यह स्वीकृति मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरूण साव के मार्गदर्शन में प्रदान की गई है। प्रस्तावित स्टेडियम को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा, जिससे खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रशिक्षण के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा।
स्थानीय खिलाड़ियों को मिलेगा बेहतर मंच
जशपुर जिले में फुटबॉल के प्रति युवाओं और खिलाड़ियों की विशेष रुचि रही है। ऐसे में आधुनिक फुटबॉल स्टेडियम के निर्माण से जिले में खेल गतिविधियों को और बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। स्टेडियम में नियमित प्रशिक्षण, फुटबॉल प्रतियोगिताओं और अन्य खेल आयोजनों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस परियोजना से जशपुर के स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और जिला स्तर से आगे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का बेहतर अवसर मिल सकेगा। खेल अधोसंरचना मजबूत होने से युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन भी मिलेगा।
खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने पर जोर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खेल सुविधाओं के विस्तार पर लगातार जोर दिया जा रहा है। जशपुर में आधुनिक फुटबॉल स्टेडियम के निर्माण की स्वीकृति को इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे जिले में फुटबॉल सहित अन्य खेल गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।


