महासमुंद, 3 अगस्त| CG News: महासमुंद जिले के बरोंड़ा बाजार स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से सोमवार तड़के 8 नाबालिग खिड़की की ग्रील तोड़कर फरार हो गए। घटना रात करीब 2 से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने फरार नाबालिगों की तलाश के लिए व्यापक सर्च अभियान शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, फरार हुए सभी नाबालिग पिछले 4 से 5 महीनों के दौरान विभिन्न आपराधिक मामलों में बाल संप्रेक्षण गृह भेजे गए थे। इनमें एक नाबालिग दुष्कर्म के मामले में, दो चोरी के मामलों में निरुद्ध थे, जबकि अन्य पर एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनका संबंध महासमुंद, सरायपाली, धमतरी और ओडिशा के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से बताया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पूरे परिसर का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था की जांच शुरू कर दी है।
फरार नाबालिगों की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस ने संबंधित जिलों और थाना क्षेत्रों को भी अलर्ट कर दिया है।


