Chhattisgarh News: रायपुर में प्रोजेक्ट ‘सहारा’ का आयोजन… सीएम साय ने बांटे व्हीलचेयर और ट्राई साइकिल

Chhattisgarh News: रायपुर में प्रोजेक्ट ‘सहारा’ का आयोजन… सीएम साय ने बांटे व्हीलचेयर और ट्राई साइकिल

रायपुर, 3 अगस्त। Chhattisgarh News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित प्रोजेक्ट ‘सहारा’ के तहत दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए। इस दौरान उन्होंने इंडोर स्टेडियम के जीर्णोद्धार, मरम्मत और सौंदर्यीकरण के लिए 7 करोड़ रुपये देने की घोषणा की।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मोटराइज्ड ट्राई साइकिल, ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर, हियरिंग एड, कृत्रिम हाथ-पैर, वैशाखी, वॉकिंग स्टिक समेत कई आधुनिक सहायक उपकरण वितरित किए। उन्होंने कहा कि ये उपकरण केवल सहायता सामग्री नहीं, बल्कि दिव्यांगजनों के आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता का माध्यम हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि रायपुर जिले में विशेष स्क्रीनिंग अभियान के तहत 1,600 से अधिक दिव्यांगजनों की पहचान की गई है। इस परियोजना के लिए केंद्र सरकार से 3.58 करोड़ रुपये की सहायता मिली है। अब तक 500 से 600 हितग्राहियों को उपकरण दिए जा चुके हैं, जबकि 1,000 से अधिक दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। प्रोजेक्ट ‘सहारा’ के तहत कुल 1,739 हितग्राही लाभान्वित होंगे। राज्य सरकार सहायक उपकरण वितरण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, शिक्षा एवं रोजगार में आरक्षण, कौशल विकास और पुनर्वास जैसी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर रही है, ताकि कोई भी पात्र दिव्यांगजन सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रोजेक्ट सरल और प्रोजेक्ट गोल्डन आवर का शुभारंभ भी किया तथा “नवाचार से प्रगति पथ पर अग्रसर रायपुर” कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा लगाए गए विभिन्न जनकल्याणकारी परियोजनाओं के स्टॉलों का भी अवलोकन किया और अधिकारियों को योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

इस मौके पर राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, समाजसेवी और बड़ी संख्या में दिव्यांगजन एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।

राज्य खबर