रायपुर, 23 जुलाई| CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर में आयोजित ‘इमर्जिंग छत्तीसगढ़–सशक्त नारी, समृद्ध प्रदेश’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने महिला सशक्तिकरण, बस्तर के सर्वांगीण विकास, रोजगार सृजन, औद्योगिक नीति, पर्यटन और सुशासन को लेकर राज्य सरकार की प्राथमिकताओं को विस्तार से साझा किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी की पावन धरा पर नारी शक्ति को सर्वोच्च सम्मान देना हमारी संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है और राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने महतारी वंदन योजना की सफलता का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रदेश की लगभग 68 लाख 50 हजार विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की वित्तीय सहायता सीधे उनके बैंक खातों में दी जा रही है। अब तक योजना की 29 किश्तों के माध्यम से करीब 18,800 करोड़ रुपये की राशि हितग्राहियों को हस्तांतरित की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की महिलाओं के जीवन में अभूतपूर्व आत्मविश्वास का संचार किया है। महिलाएं इस राशि का उपयोग सिलाई मशीन खरीदने, सुकन्या समृद्धि योजना में निवेश करने तथा किराना एवं सब्जी व्यवसाय शुरू करने जैसे कार्यों में कर रही हैं, जिससे वे परिवार की निर्णय प्रक्रिया में भी सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं।
बस्तर क्षेत्र में आए सकारात्मक बदलावों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दशकों तक नक्सलवाद से प्रभावित रहा बस्तर अब शांति, विकास और विश्वास के नए युग में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने बताया कि ‘नियद नेल्ला नार’ योजना के माध्यम से 500 से अधिक सुदूर गांवों तक राशन, आयुष्मान कार्ड सहित बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। इससे दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों का जीवन स्तर बेहतर हो रहा है और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सामाजिक समरसता और सुशासन के प्रति भी प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में धर्मांतरण पर रोक लगाने के लिए ‘धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम 2026’ लागू किया गया है, वही समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है।
युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने के उद्देश्य से लागू की गई नई औद्योगिक नीति का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश को अब तक 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इन निवेशों के माध्यम से प्रदेश में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे और छत्तीसगढ़ आर्थिक प्रगति के नए आयाम स्थापित करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तिकरण, औद्योगिक विकास, पर्यटन संवर्धन और पारदर्शी सुशासन के माध्यम से राज्य सरकार एक समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।


