Raipur News: भाजपा के घेराव में बवाल… कांग्रेस के 12 नेताओं समेत अन्य पर FIR

Raipur News: भाजपा के घेराव में बवाल… कांग्रेस के 12 नेताओं समेत अन्य पर FIR

रायपुर, 23 जुलाई। Raipur News: भाजपा के कांग्रेस मुख्यालय घेराव के दौरान हुए बवाल मामले में पुलिस ने एक और एफआईआर दर्ज की है। इस बार खम्हारडीह थाना प्रभारी निरीक्षक भावेश कुमार गौतम की शिकायत पर कांग्रेस के 12 नामजद नेताओं सहित अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, बल प्रयोग करने और कानून-व्यवस्था भंग करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई को प्रधानमंत्री आवास घेराव के विरोध में आयोजित भाजपा के कांग्रेस मुख्यालय घेराव कार्यक्रम के दौरान राजीव भवन के सामने बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात था। इसी दौरान कांग्रेस कार्यालय की ओर से नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता बैरिकेडिंग की ओर बढ़े। पुलिस ने उन्हें रोकने और समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने और पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की करने लगे।

FIR में आरोप लगाया गया है कि स्थिति बिगड़ने पर प्रदर्शनकारियों ने कांच की बोतलें, पत्थर, लकड़ी और जूते पुलिस बल पर फेंके। इस घटना में पीएसआई देवराज सिंह के सिर में चोट लगी, वही महिला आरक्षक सीमा बंजारे के हाथ में चोट आई। इसके अलावा कई अन्य पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस का कहना है कि इस घटना से शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न हुई और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास किया गया।

मामले में कांग्रेस नेताओं सुनील कुकरेजा, विनोद तिवारी, सकलेन कामदार, आकाश तिवारी, अजीत कुकरेजा, हनी बग्गा, शांतनु झा, गावेश साहू, खुबी डहरिया, सागर दुल्हानी, अजीज भिंसरा और अमित तिवारी सहित अन्य कार्यकर्ताओं को आरोपी बनाया गया है। सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 121(1), 132, 191 और 221 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के वीडियो फुटेज, फोटोग्राफ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर विवेचना के दौरान अन्य प्रदर्शनकारियों के नाम भी मामले में जोड़े जा सकते हैं।

राज्य खबर