CG School Holiday: चक्रवात का असर… बस्तर के 3 जिलों में स्कूल बंद

CG School Holiday: चक्रवात का असर… बस्तर के 3 जिलों में स्कूल बंद

रायपुर, 27 अक्टूबर। CG School Holiday: छत्तीसगढ़ में खराब मौसम और चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए बस्तर संभाग के तीन जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है। नारायणपुर में 28 और 29 अक्टूबर 2026 को स्कूल बंद रहेंगे। वहीं, दंतेवाड़ा और कोंडागांव में भी विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अवकाश घोषित किया गया है।

नारायणपुर में दो दिन स्कूल बंद

जिला शिक्षा अधिकारी, नारायणपुर की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, मौसम विभाग की चेतावनी और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए जिले के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालयों में 28 और 29 अक्टूबर को अवकाश रहेगा। यह आदेश कलेक्टर के अनुमोदन के बाद जारी किया गया है।

दंतेवाड़ा और कोंडागांव में भी छुट्टी

खराब मौसम की आशंका के बीच दंतेवाड़ा जिले में भी स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है। इसके अलावा कोंडागांव में भी एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। इस तरह बस्तर संभाग के तीन जिलों में मौसम को देखते हुए एहतियाती कदम उठाए गए हैं।

अन्य जिलों में भी हो सकता है अवकाश

चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए प्रशासन मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। राज्य सरकार की ओर से जिला प्रशासन को सतर्क रहने और जरूरी सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम की स्थिति के अनुसार दूसरे जिलों में भी स्कूलों की छुट्टी को लेकर निर्णय लिया जा सकता है।

अभिभावकों और विद्यार्थियों के लिए जरूरी सूचना

प्रशासन ने अभिभावकों और विद्यार्थियों को सलाह दी है कि वे स्कूलों और जिला प्रशासन की आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखें। खराब मौसम और भारी बारिश की स्थिति में अनावश्यक यात्रा से बचें तथा सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें।

राज्य खबर