Chattisgarh Raid Update: PRA ग्रुप पर IT की बड़ी कार्रवाई… 14 करोड़ कैश और 20 करोड़ के जेवर मिले

Chattisgarh Raid Update: PRA ग्रुप पर IT की बड़ी कार्रवाई… 14 करोड़ कैश और 20 करोड़ के जेवर मिले

रायपुर, 21 नवम्बर। Chattisgarh Raid Update: छत्तीसगढ़ में PRA ग्रुप से जुड़े ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी लगातार तीसरे दिन भी जारी है। इस कार्रवाई में अब तक करीब 14 करोड़ रुपये नकद और बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण मिलने की जानकारी सामने आई है। इसके साथ ही विभाग को कई वित्तीय लेन-देन से जुड़े डिजिटल सबूत भी मिले हैं।

25 बैंक लॉकर खुलवाए, करीब 20 करोड़ के आभूषण मिले

शुक्रवार, 20 नवंबर को आयकर विभाग की टीम ने रायपुर में करीब 25 बैंक लॉकर खुलवाए। जांच के दौरान इन लॉकरों से बड़ी मात्रा में सोने और चांदी के आभूषण बरामद हुए हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 20 करोड़ रुपये बताई जा रही है। हालांकि, अघोषित आय और संभावित टैक्स चोरी का वास्तविक आकलन दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

इस पूरी कार्रवाई में करीब 120 आयकर अधिकारी और कर्मचारी जुटे हुए हैं। विभाग की टीमें छत्तीसगढ़ के छह जिलों के अलावा महाराष्ट्र के मुंबई और नागपुर तथा झारखंड के रांची और जमशेदपुर में भी एक साथ जांच कर रही हैं। इस तरह करीब 50 ठिकानों पर आयकर विभाग की कार्रवाई चल रही है।

अंबिकापुर और सूरजपुर तक पहुंची जांच

आयकर विभाग की कार्रवाई का दायरा अंबिकापुर और सूरजपुर तक भी पहुंचा है। इससे पहले अंबिकापुर में PRA ग्रुप के मालिक रमेशचन्द्र अग्रवाल के MG रोड स्थित निवास पर टीम ने जांच की थी। वहीं, सूरजपुर में PRA ग्रुप के कार्यालय और साकेत प्रोडक्ट्स एंड रोलिंग मिल के राइस मिल में भी दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की पड़ताल की गई।

फिलहाल आयकर विभाग की जांच जारी है। अधिकारियों की टीम दस्तावेजों, बैंक खातों और डिजिटल लेन-देन की जानकारी खंगाल रही है। जांच पूरी होने के बाद ही इस कार्रवाई में सामने आए वित्तीय लेन-देन और संभावित टैक्स चोरी की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

राज्य खबर