Chhath Festival: छत्तीसगढ़ में आज छठ पूजा का संध्या अर्घ्य… 50 से ज्यादा घाटों पर उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़

Chhath Festival: छत्तीसगढ़ में आज छठ पूजा का संध्या अर्घ्य… 50 से ज्यादा घाटों पर उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़

रायपुर, 15 नवम्बर। Chhath Festival: छत्तीसगढ़ में छठ महापर्व को लेकर उत्साह और श्रद्धा का माहौल है। शनिवार को पर्व के दूसरे दिन खरना की परंपरा निभाई गई। व्रतियों ने सुबह से निर्जला उपवास रखा और शाम को स्नान के बाद मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी जलाकर गुड़ की खीर और गेहूं के आटे की रोटियां तैयार कीं। पूजा के बाद सबसे पहले भगवान सूर्य और छठी मैया को भोग लगाया गया। इसके बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू किया।

आज रविवार को छठ महापर्व के तीसरे दिन व्रती नदी और तालाबों के घाटों पर पहुंचकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे। राजधानी रायपुर में 50 से अधिक स्थानों पर छठ पूजा के आयोजन होंगे। वहीं बिलासपुर में अरपा नदी के तट पर 5100 दीप जलाकर महाआरती की तैयारी की गई है।

रायपुर के महादेव घाट पर होगा मुख्य आयोजन

राजधानी रायपुर में खारुन नदी के महादेव घाट पर छठ पूजा का प्रमुख आयोजन होगा। इसके अलावा बिरगांव के व्यास तालाब, हीरापुर के छुईया तालाब, सड्डू तालाब, आमा तालाब, मच्छी तालाब और नवा रायपुर के झांझ तालाब सहित 50 से ज्यादा स्थानों पर श्रद्धालु पूजा करेंगे।

महादेव घाट पर रविवार शाम 4 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान भोजपुरी और छठ गीतों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके बाद व्रती डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे और महाआरती होगी।

बिलासपुर में 5100 दीपों से होगी महाआरती

बिलासपुर के अरपा नदी स्थित तोरवा छठ घाट पर करीब एक किलोमीटर लंबे क्षेत्र में छठ पूजा का आयोजन किया जाएगा। यहां 5100 दीप जलाकर महाआरती की जाएगी।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए छह प्रवेश द्वार, आठ पार्किंग स्थल और 15 नियंत्रण केंद्र बनाए गए हैं। आयोजन को व्यवस्थित करने के लिए 525 स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी।

सरगुजा के 13 घाटों पर होगी छठ पूजा

अंबिकापुर में शंकर घाट, महामाया घाट, घुनघुट्टा घाट और गोधनपुर क्षेत्र के छठ घाटों पर श्रद्धालु सूर्यदेव को अर्घ्य देंगे। जिले में कुल 13 घाटों पर पूजा की तैयारी की गई है।

वहीं रायगढ़ में केलो नदी के तट पर छठ पूजा होगी। दुर्ग-भिलाई में कैंप-1 तालाब और बैकुंठ धाम क्षेत्र सहित अन्य प्रमुख तालाबों पर भी आयोजन होंगे।

बस्तर से दंतेवाड़ा तक छठ की तैयारी

जगदलपुर के गंगामुंडा तालाब में छठ पूजा की व्यवस्था की गई है। वहीं दंतेवाड़ा में डंकनी नदी के घाट पर श्रद्धालु सूर्यदेव को अर्घ्य देंगे।

इसके अलावा कोरबा, जांजगीर-चांपा, धमतरी, महासमुंद, गरियाबंद, सूरजपुर और जशपुर सहित प्रदेश के अन्य जिलों में भी नदी और तालाबों के किनारे छठ पूजा के आयोजन होंगे।

सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर होगा समापन

छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार शाम व्रती घाटों पर पहुंचकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे। इसके बाद घाटों पर रातभर पूजा-पाठ और भक्ति का माहौल रहेगा।

सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा। इसके बाद व्रती 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण करेंगे।

संतान की लंबी उम्र और परिवार की खुशहाली के लिए होती है पूजा

छठ पर्व सूर्य उपासना, प्रकृति और लोक आस्था से जुड़ा महापर्व है। इस दौरान सूर्यदेव और छठी मैया की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की जाती है।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, छठी मैया संतान की रक्षा करती हैं और परिवार को सुख-समृद्धि का आशीर्वाद देती हैं। इसी मान्यता के चलते बड़ी संख्या में महिलाएं संतान की खुशहाली और परिवार के कल्याण के लिए निर्जला व्रत रखती हैं।

छठ पूजा में पवित्रता का रखा जाता है विशेष ध्यान

छठ पूजा में साफ-सफाई और पवित्रता का विशेष महत्व है। प्रसाद बनाने से लेकर पूजा की सामग्री तैयार करने तक हर परंपरा का ध्यान रखा जाता है। प्रसाद के लिए इस्तेमाल होने वाले गेहूं को धोकर सुखाया जाता है और उसकी साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखा जाता है।

जिस चक्की में प्रसाद के लिए गेहूं पीसा जाता है, उसे भी पहले अच्छी तरह साफ किया जाता है। इस दौरान चक्की में केवल प्रसाद बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाला गेहूं ही पीसा जाता है।

स्कंद पुराण में भी मिलता है षष्ठी देवी की पूजा का उल्लेख

धार्मिक मान्यता के अनुसार, छठ पूजा का संबंध षष्ठी देवी की उपासना से भी जुड़ा है। स्कंद पुराण में राजा प्रियव्रत की कथा का उल्लेख मिलता है। मान्यता है कि संतान प्राप्ति की कामना से राजा और रानी ने षष्ठी देवी की पूजा की थी। इसके बाद उन्हें संतान सुख प्राप्त हुआ।

इसी मान्यता के आधार पर षष्ठी देवी को बच्चों की रक्षक और संतान सुख प्रदान करने वाली देवी माना जाता है। छठ पर्व पर उनकी पूजा कर श्रद्धालु परिवार की खुशहाली और संतान की लंबी उम्र की कामना करते हैं।

Religion