नई दिल्ली, 11 अगस्त। CJP Sarpanch Challenge: काकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने गांवों के सरकारी स्कूलों की बुनियादी सुविधाओं में सुधार के लिए देशव्यापी अभियान की घोषणा की है। यह अभियान 15 अगस्त से शुरू होगा। इसके तहत अभिभावकों से सरकारी स्कूलों का सोशल ऑडिट करने और सरपंचों से स्कूलों की सुविधाएं बेहतर करने की अपील की जाएगी।
अभिजीत दीपके ने वीडियो संदेश में बताया कि वे इस अभियान की शुरुआत महाराष्ट्र के हिंगोली स्थित अपने गांव से करेंगे। यहां वे सरपंच से सरकारी स्कूल की सुविधाओं में सुधार के लिए पहल करने का अनुरोध करेंगे। इस पहल को ‘सरपंच चैलेंज’ नाम दिया गया है।
अभिभावक करेंगे स्कूलों की सुविधाओं की जांच
अभियान के तहत अभिभावकों से अपने बच्चों के सरकारी स्कूल जाकर बिजली, पेयजल, शौचालय और अन्य जरूरी सुविधाओं की स्थिति देखने की अपील की गई है। यदि कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है, तो उसकी तस्वीर या वीडियो बनाकर जानकारी साझा करने को कहा गया है।
CJP जल्द ही एक प्रिंट करने योग्य ऑडिट फॉर्म भी जारी करेगी। इसमें अभिभावक स्कूल में उपलब्ध और अनुपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। यह फॉर्म CJP के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अभियान के वीडियो लिंक के साथ उपलब्ध कराया जाएगा।
सुधार करने वाले सरपंचों को किया जाएगा सम्मानित
अभिजीत दीपके ने कहा कि पिछले दशकों में देश में कई बड़े संस्थान और इमारतें बनीं, लेकिन गांवों के सरकारी स्कूलों की बुनियादी सुविधाओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि किसानों और श्रमिकों के बच्चों को भी बेहतर सरकारी शिक्षा और सुविधाएं मिलनी चाहिए।
अभियान के तहत जो सरपंच अपने गांव के स्कूलों में सुधार की पहल करेंगे, उन्हें CJP के सोशल मीडिया पेज पर तस्वीरों के साथ सम्मानित किया जाएगा। इसका उद्देश्य दूसरे गांवों के जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को भी सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने के लिए प्रेरित करना है।


