बिलासपुर, 15 सितंबर। Crime News: गणेश पंडाल के पास DJ की आवाज बढ़ाने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम संबलपुरी में अमन सूर्यवंशी ने 22 वर्षीय आकाश सूर्यवंशी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में आकाश की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, विवाद के दौरान आरोपी ने आकाश के सीने पर चाकू से लगातार 4-5 वार किए। गंभीर रूप से घायल आकाश को तत्काल सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वारदात के बाद आरोपी अमन कथित तौर पर चाकू लेकर गणेश पंडाल के आसपास ही घूमता रहा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की शुरुआती जांच में DJ साउंड की आवाज बढ़ाने को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी नशे का आदी बताया जा रहा है। उसके परिजन उसे पहले भी नशामुक्ति केंद्र भेज चुके हैं और वह करीब दो से तीन साल तक वहां रह चुका है।


