Dantewada News: दंतेवाड़ा में जादू-टोना के शक में ग्रामीण की हत्या… दो आरोपी गिरफ्तार

Dantewada News: दंतेवाड़ा में जादू-टोना के शक में ग्रामीण की हत्या… दो आरोपी गिरफ्तार

दंतेवाड़ा, 24 नवम्बर। Dantewada News: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में जादू-टोना करने के शक में एक ग्रामीण की हत्या का मामला सामने आया है। बचेली थाना क्षेत्र के ग्राम दुगेली में 42 वर्षीय आयतु राम कर्मा की गांव के ही दो लोगों ने हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम माड़कापारा दुगेली निवासी विजय कर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आयतु राम कर्मा की 21 नवंबर की शाम 7 बजे से 22 नवंबर की सुबह 7 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना में मृतक के चेहरे और सीने पर गंभीर चोटें आई थीं। शिकायत के आधार पर बचेली थाना पुलिस ने BNS की धारा 103(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जादू-टोना करने के शक में की हत्या

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपियों को संदेह था कि आयतु राम गांव में जादू-टोना करता है। इसी बात को लेकर उनके मन में मृतक के प्रति रंजिश थी। पुलिस ने ग्रामीणों और गवाहों से पूछताछ की, जिसके बाद ग्राम दुगेली के धुरवापारा निवासी लच्छू कर्मा (42) और मुद्दा कर्मा (30) की भूमिका संदिग्ध पाई गई।

पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने जादू-टोना करने के शक और पुरानी रंजिश के चलते 21 नवंबर की रात आयतु राम की हत्या करना स्वीकार किया।

हत्या में इस्तेमाल हथियार जब्त

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल लोहे का धारदार बंडा जब्त किया है। इसके अलावा घटनास्थल से लकड़ी का पीढ़ा भी बरामद किया गया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

अंधविश्वास के नाम पर हिंसा चिंताजनक

दंतेवाड़ा की यह घटना एक बार फिर जादू-टोना और अंधविश्वास के नाम पर होने वाली हिंसा को लेकर चिंता बढ़ाती है। कई बार बीमारी, दुर्घटना या फसल खराब होने जैसी घटनाओं के लिए किसी व्यक्ति को जिम्मेदार मानकर उसे प्रताड़ित किया जाता है। ऐसे अंधविश्वास के चलते मारपीट और हत्या जैसी गंभीर घटनाएं भी सामने आती हैं।

क्राइम न्यूज