कवर्धा, 20 अक्टूबर। Devi Khappar Yatra: शारदीय नवरात्रि के बीच निकलने वाली पारंपरिक देवी खप्पर यात्रा को लेकर कबीरधाम पुलिस अलर्ट मोड पर है। 19-20 अक्टूबर की दरम्यानी रात आयोजित होने वाली इस यात्रा से पहले पुलिस ने शहर में फ्लैगमार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यात्रा के दौरान शांति भंग करने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा का जायजा
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में फ्लैगमार्च निकाला गया। इसका नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय आशीष शुक्ला ने किया। इस दौरान सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक लालजी सिन्हा सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।
पुलिस बल ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, गलियों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों का भ्रमण किया। इस दौरान सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
कबीरधाम पुलिस ने नागरिकों और श्रद्धालुओं से देवी खप्पर यात्रा को शांतिपूर्ण, अनुशासित और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और धार्मिक आयोजन की गरिमा बनाए रखने की अपील की है।
पुलिस के मुताबिक, धार्मिक भावनाएं भड़काने, अफवाह फैलाने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यात्रा के दौरान शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी।


