रायपुर, 05 सितम्बर। ISKCON Temple: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर के टाटीबंध स्थित इस्कॉन रायपुर के श्री श्री राधा रासबिहारी मंदिर में आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महा-महोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना और शंख अभिषेक किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री साय ने जन्माष्टमी की प्रदेशवासियों और श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन धर्म, कर्तव्य और लोककल्याण की प्रेरणा देता है। श्रीमद्भगवद्गीता में दिए गए कर्मयोग के संदेश से आज भी लोगों को अपने कर्तव्य के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी केवल भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का उत्सव नहीं, बल्कि उनके जीवन और आदर्शों को अपनाने का अवसर भी है। श्रीकृष्ण ने अन्याय के खिलाफ खड़े होने और धर्म की रक्षा करने का संदेश दिया।
भक्तिमय हुआ मंदिर परिसर
जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान इस्कॉन मंदिर परिसर ‘हरे कृष्ण, हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण, हरे हरे’ के महामंत्र से गूंज उठा। मुख्यमंत्री साय ने भी श्रद्धालुओं के साथ महामंत्र का जाप किया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय नजर आया।

धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा दे रही सरकार
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत प्रदेश की अमूल्य धरोहर है। राज्य सरकार धार्मिक स्थलों के विकास और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि भोरमदेव मंदिर क्षेत्र को प्रसाद योजना के तहत करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा है। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के अवसर भी बढ़ेंगे।
50 हजार से ज्यादा श्रद्धालु कर चुके रामलला के दर्शन
मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक कारणों से कोई भी श्रद्धालु तीर्थ दर्शन से वंचित न रहे, इसके लिए सरकार विभिन्न योजनाएं चला रही है। श्रीरामलला दर्शन योजना के तहत अब तक प्रदेश के 50 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन कर चुके हैं।
वहीं, मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से प्रदेश के वृद्धजनों को देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा कराई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि इस्कॉन रायपुर के 26वें वर्ष में प्रवेश के अवसर पर 3 से 5 सितंबर तक श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महा-महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव में भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक पुरंदर मिश्रा, इस्कॉन रायपुर के पदाधिकारी, संतजन और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


