Jharkhand News: JPSC परीक्षा को लेकर अनशन पर बैठे छात्र की तबीयत बिगड़ी…आंदोलन जारी

Jharkhand News: JPSC परीक्षा को लेकर अनशन पर बैठे छात्र की तबीयत बिगड़ी…आंदोलन जारी

रांची, 07 अगस्त। Jharkhand News: झारखंड की राजधानी रांची में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में छात्रों का आंदोलन तेज हो गया है। 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) सिविल सेवा परीक्षा रद्द करने और पूरे मामले की स्वतंत्र जांच की मांग को लेकर कई छात्र भूख हड़ताल पर बैठे हैं। इसी दौरान अनशन कर रहे छात्र राहुल क्रांति की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें एंबुलेंस से सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि राज्य सरकार की ओर से अब तक उनकी मांगों पर बातचीत के लिए कोई औपचारिक पहल नहीं की गई है। उनका कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए निष्पक्ष जांच जरूरी है।

इस आंदोलन को विपक्ष और कई सामाजिक संगठनों का भी समर्थन मिला है। राज्य के एनडीए विधायकों ने विधानसभा परिसर के बाहर प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की जांच केंद्रीय एजेंसी से कराने की मांग की। वहीं, छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो का आमरण अनशन भी जारी है।

आंदोलन स्थल पर विभिन्न सामाजिक संगठनों और आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों ने भी पहुंचकर प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया। पारंपरिक वाद्ययंत्रों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से आंदोलन के प्रति एकजुटता दिखाई गई।

आंदोलनकारी 14वीं जेपीएससी सिविल सेवा परीक्षा को रद्द करने के साथ-साथ भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच सीबीआई या राज्य के बाहर के उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीशों की समिति से कराने की मांग कर रहे हैं।

Education National