KBC News: भाटापारा के योगेश साहू ने KBC में जीते 50 लाख… 1 करोड़ का सवाल छोड़ा

KBC News: भाटापारा के योगेश साहू ने KBC में जीते 50 लाख… 1 करोड़ का सवाल छोड़ा

भाटापारा, 20 अगस्त। KBC News: छत्तीसगढ़ के भाटापारा निवासी 23 वर्षीय योगेश साहू ने टीवी क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति (KBC) में अपनी समझ और सामान्य ज्ञान का शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 लाख रुपये जीत लिए। छोटे शहर से निकलकर IIT बॉम्बे तक का सफर तय करने वाले योगेश ने पढ़ाई में सफलता हासिल करने के बाद भी नौकरी के बजाय UPSC की तैयारी को अपना लक्ष्य बनाया है।

18 लाख का पैकेज ठुकराकर चुना UPSC का रास्ता

योगेश ने IIT बॉम्बे से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्हें कैंपस प्लेसमेंट के जरिए करीब 18 लाख रुपये का पैकेज मिल रहा था। हालांकि, उन्होंने नौकरी का ऑफर छोड़कर UPSC की तैयारी करने का फैसला किया।

योगेश का लक्ष्य UPSC परीक्षा पास कर IAS अधिकारी बनना है। KBC में उन्होंने अपने परिवार और संघर्ष के बारे में भी बताया।

50 लाख जीतने के बाद छोड़ा 1 करोड़ का सवाल

KBC में योगेश ने लगातार सही जवाब देकर 50 लाख रुपये की रकम अपने नाम की। इसके बाद उनके सामने 1 करोड़ रुपये का सवाल आया।

हालांकि, इस सवाल पर उन्होंने जोखिम नहीं लिया और 50 लाख रुपये लेकर गेम क्विट कर दिया। उनकी इस जीत से परिवार के लिए आर्थिक राहत का रास्ता भी खुला है।

पिता हैं ड्राइवर, परिवार की आर्थिक स्थिति सीमित

योगेश ने शो के दौरान बताया कि उनके पिता ड्राइवर हैं और परिवार की आय सीमित है। उनके कई दोस्त नौकरी शुरू कर चुके हैं और कमाई कर रहे हैं, जबकि योगेश UPSC की तैयारी के कारण फिलहाल परिवार की आर्थिक मदद नहीं कर पा रहे हैं।

ऐसे में KBC से जीती 50 लाख रुपये की रकम उनके लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इससे उन्हें UPSC की तैयारी जारी रखने के साथ परिवार पर पड़ने वाले आर्थिक दबाव को कम करने में मदद मिल सकती है।

राज्य खबर