नई दिल्ली, 17 अक्टूबर। Lal Krishna Advani: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता और पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को चेस्ट इंफेक्शन के बाद दिल्ली स्थित अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुक्रवार, 16 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे उन्हें अस्पताल लाया गया था। फिलहाल वह अस्पताल के पल्मोनरी विभाग में उपचाराधीन हैं।
अस्पताल से जुड़े सूत्रों के अनुसार, डॉक्टरों की टीम उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर रख रही है। उनकी आवश्यक जांच की जा रही है। फिलहाल उनकी हालत में किसी तरह की गिरावट की सूचना नहीं है। अस्पताल की ओर से स्वास्थ्य को लेकर मेडिकल बुलेटिन जारी किए जाने की उम्मीद है।
पहले भी अस्पताल में भर्ती हो चुके हैं आडवाणी
लालकृष्ण आडवाणी को इस साल मई में भी उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं के चलते अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के बाद कुछ दिनों में उन्हें छुट्टी दे दी गई थी।
आडवाणी स्वास्थ्य संबंधी जांच और परामर्श के लिए समय-समय पर अस्पताल जाते रहे हैं। वह पहले न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. विनित सूरी से भी परामर्श लेते रहे हैं।
फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। उनके स्वास्थ्य को लेकर अस्पताल की ओर से आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।


