रायपुर, 26 नवम्बर। Mahadev Betting Case: महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। अब जांच एजेंसियों का फोकस सट्टे से कमाई गई रकम के निवेश पर है। जांच में महादेव सट्टा नेटवर्क के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर के रायपुर और बिलासपुर के होटल, क्लब और रेस्टोरेंट कारोबार में करीब 200 करोड़ रुपये निवेश किए जाने के सुराग मिले हैं। इस मामले में अब एसीबी-ईओडब्ल्यू भी पूछताछ कर सकती है।
सूत्रों के मुताबिक, रायपुर के वीआईपी रोड स्थित सात बड़े प्रतिष्ठानों और पंडरी के एक क्लब के बैंक खातों की जांच की जा रही है। जांच एजेंसियां निवेश की रकम, साझेदारी से जुड़े दस्तावेज और बैंक लेनदेन का मिलान कर रही हैं। वहीं, बिलासपुर के होटल और क्लब कारोबार में भी करीब 10 करोड़ रुपये निवेश किए जाने की जानकारी सामने आई है।
जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि निवेश की रकम सीधे कारोबार में लगाई गई थी या अलग-अलग लोगों और कंपनियों के माध्यम से इसे खपाया गया। इसके लिए संबंधित होटल, क्लब और रेस्टोरेंट संचालकों से पूछताछ की जा सकती है।
गौरतलब है कि महादेव सट्टा नेटवर्क से जुड़े लोगों पर हवाला के जरिए लेनदेन, फर्जी बैंक खातों के इस्तेमाल और विदेशों में संपत्तियां खरीदने जैसे आरोप हैं। ईडी के आकलन के मुताबिक, इस नेटवर्क से अपराध की कमाई 92 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो सकती है। हालांकि, यह जांच एजेंसी का अनुमान है, जिसे अभी अंतिम रूप से साबित नहीं किया गया है।


